खंडवा

जल गंगा संवर्धन अभियान… वर्षा जल सहेजने बनाई जल सरंचनाओं में खंडवा नगर निगम देश में दूसरे स्थान पर -देखे साथ में वीडियो

-20 हजार से अधिक संरचनाओं का निर्माण किया, पहले स्थान पर हैदराबाद -खंडवा जिला देश में पांचवां, जोन में दूसरे नंबर पर रहा, केंद्र सरकार की टीम करेगी कार्यों का वेरिफिकेशन

2 min read
Jun 02, 2026
Jal Ganga Samvardhan Abhiyan
खंडवा. जेएसजेबी के तहत निगम द्वारा बनाए गए कंटूर ट्रेंच।

पिछले वर्ष कैच द रैन में देशभर में प्रथम स्थान पाने के बाद अब खंडवा जिले की खंडवा नगर निगम को ऐतिहासिक उपलब्धि जल गंगा संर्वधन अभियान में मिली है। देशभर में खंडवा नगर निगम ने 20490 कंटूर ट्रेंच निर्माण कर जल गंगा संवर्धन में दूसरा स्थान पाया है। पहले स्थान पर 24 हजार संचरचनाओं के साथ तेलंगाना की हैदराबाद नगर पालिका निगम है। निगम के कार्यों का वेरिफिकेशन करने केंद्रीय जल आयोग की टीम जल्द ही खंडवा आएगी।

130 साइट पर किया निर्माण कार्य
देशभर में वर्षा जल सहेजने के लिए 19 मार्च से 30 जून तक जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 अंतर्गत जल संचय जन भागीदारी अभियान (जेएसजेबी) चलाया जा रहा है। इस बार केंद्र सरकार ने नगरीय क्षेत्र और ग्रामीण क्षेत्र को अलग-अलग किया है। शहरी क्षेत्र में खंडवा नगर निगम में महापौर अमृता अमर यादव के नेतृत्व में आरंभ हुए इस अभियान में निगमायुक्त प्रियंका राजावत के मार्गदर्शन में अभियान शुरू किया गया। इसके लिए आयुक्त प्रियंका राजावत ने लगभग 130 साइट का चयन किया, जहां कंटूर ट्रेंच बनाए जाने की संभावना थी। इसमें से 123 साइट पर नगर निगम टीम ने जन सहयोग से 20490 कंटूर ट्रेंच का निर्माण करवाया है।

रिचार्ज पिट, रूफ वाटर हार्वेस्टिंग का काम भी
इसके अलावा निगम द्वारा सूखे बोरवेलों के लिए रिचार्ज पिट, रूफ वाटर हार्वेस्टिंग के लिए भी काम किया। सोमवार को केंद्र सरकार द्वारा जारी किए गए आंकड़ों में खंडवा नगर निगम देश में 20490 कंटूर ट्रेंच बनाकर दूसरे स्थान पर है। मप्र की इंदौर नगर पालिका निगम 16154 संचरचनाओं के साथ पांचवें स्थान पर है। तेलंगाना की हैदराबाद नगर पालिका निगम ने 20905 संरचनाओं के साथ देश में पहला स्थान पाया है। उल्लेखनीय है कि अभी अभियान का एक माह पूरा बाकी है।

जल संचय जन भागीदारी में देश में 5वें स्थान पर रहा खंडवा जिला
"जल संचय जन भागीदारी" 2.0 अभियान में खंडवा जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए 422599 जल संरचनाओं का ग्रामीण क्षेत्रों में निर्माण कर देशभर के 5वां एवं झोन में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। जिला पंचायत सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने बताया कि कलेक्टर ऋषव गुप्ता के मार्गदर्शन में वर्षा जल संचयन, भूजल संवर्धन एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से जिले में मिशन अमृत संचय, गांव का पानी गांव अभियान संचालित किया गया। इस अभियान के तहत जनपद पंचायत बलडी में 9620, छैगांवमाखन में 59982, हरसूद में 30642, खालवा में 68789, खंडवा में 36750, पंधाना में 72500 एवं पुनासा 67474 कुल 345757 जल संरचना निर्मित की गई।

सभी के सहयोग से संभव हुआ
जेएसजेबी अभियान में खंडवा नगर पालिका निगम को देश में दूसरा स्थान दिलाने में एमआइसी सदस्य, पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, जनता और निगम अधिकारियों, कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा है। जेएसजेबी के तहत अभी भी कार्य जारी है। हम कोशिश करेंगे कि देश में पहला स्थान प्राप्त करे।
अमृता अमर यादव, महापौर खंडवा

Published on:
02 Jun 2026 05:52 pm