MP News: इंस्टाग्राम पर बनाई फर्जी आईडी से बीजेपी नेता का बेटा फरियादी के घर के फोटो डालकर उसे अतिक्रमण बता रहा था।
MP News: मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में एक भाजपा नेता के बेटे पर पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोप है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर भाजपा नेता के बेटे ने एक फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई और उस पर एक परिवार की बदनामी की। परिवार को जब इस बारे में पता चला तो उन्होंने एसपी ऑफिस में जाकर शिकायत की। इसके बाद जब पुलिस ने इंस्टाग्राम कंपनी से आईडी के बारे में जानकारी मांगी तो पता चला कि वो आईडी फर्जी नाम से बनाई गई है और उसका संचालन एक शख्स अपने मोबाइल से कर रहा है। जो शख्स मोबाइल से फर्जी आईडी के जरिए परिवार को बदनाम कर रहा है वो भाजपा नेता का बेटा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है।
खिराला गांव के रहने वाले शेख रईस ने 18 मार्च 2026 को खंडवा में एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। अपनी शिकायत में आवेदक शेख रईस ने बताया था कि “Jagdish_jamre_6262” नाम की आईडी से उन्हें व उनके परिवार को बदनाम किया जा रहा है। आईडी पर उसके घर और भाई की फोटो पोस्ट कर गलत जानकारी देते हुए ये फैलाया जा रहा है कि उनका मकान अतिक्रमण कर बनाया गया है। गलत जानकारी फैलाए जाने से उनके परिवार की काफी बदनामी हो रही है और कुछ लोगों को तो ये भी लगने लगा है कि उनका घर सच में अतिक्रमण कर बनाया गया है।
आवेदक शेख रईस की शिकायत पर पुलिस ने मामले को जांच में लिया और इंस्टाग्राम कंपनी से आईडी के बारे में जानकारी मांगी। कंपनी की ओर से मिली जानकारी से पता चला कि जिस आईडी से परिवार को बदनाम किया जा रहा है वो फर्जी नाम से बनाई गई है। ये फर्जी आईडी आशिफ शेख नाम के शख्स के द्वारा अपने मोबाइल से संचालित की जा रही है। पुलिस ने आशिफ शेख के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि आशिफ बोरगांव मंडल के भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष सलीम खान का बेटा है। आरोपी के बारे में जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने भाजपा नेता के आरोपी बेटे आशिफ खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 319(2), 336(4) तथा आईटी एक्ट की धारा 66C और 66D के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि अभी मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।