खंडवा

MP News: कुल्फी बेचने के बहाने हथियार सप्लाई? दो पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार

MP News: कमर में दो पिस्टल छिपाकर कुल्फी बेच रहा था आरोपी, एक पिस्टल बेचना चाहता था और दूसरी खुद अपने पास रखना चाहता था।
2 min read
Apr 07, 2026
KHANDWA
kulfi seller arrested illegal pistols (DEMO PIC)

MP News: मध्यप्रदेश के खंडवा में पुलिस ने एक कुल्फी वाले को दो अवैध पिस्टल के साथ पकड़ा है। आरोपी दोनों पिस्टल अपनी कमर में छिपाकर कुल्फी बेच रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से दोनों अवैध पिस्टल बरामद की हैं जिनमें मैगजीन लगी हुई थी। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने खरगोन के सिकलीगर से अवैध पिस्टल खरीदने की बात स्वीकारते हुए बताया है कि वो एक पिस्टल को बेचना चाहता था और दूसरी खुद अपने पास रखना चाहता था। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी हुई है।

कुल्फी बेचने वाले के पास मिलीं पिस्टल

पुलिस ने बताया कि शहर में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है और लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सूचना मिली थी कि कुल्फी बेचने वाला एक युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा है। आरोपी का नाम गोलू तेली उर्फ होजेफा है जो कि शहर के मुख्य बाजार में कुल्फी का ठेला लगाता है। आरोपी के पास से दो अवैध पिस्टल बरामद हुई हैं जिनमें मैगजीन लगी हुई थीं। आरोपी को कब्रिस्तान रोड क्षेत्र से पकड़ा गया है और वो गुलमोहर कॉलोनी का रहने वाला है।

खरगोन से खरीदी थीं पिस्टल

आरोपी गोलू तेली ने पूछताछ में बताया है कि उसने दोनों अवैध पिस्टल खरगोन जिले के सिगनुर गांव के दो अलग अलग सिकलीगरों से खरीदी थीं। वो एक पिस्टल को बेचना चाहता था और दूसरी खुद दादागिरी करने के लिए अपने पास रखना चाहता था। पुलिस को आरोपी गोलू तेली का पुराना आर्म्स एक्ट का रिकॉर्ड भी मिला है उसके खिलाफ साल 2023 में भी आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज हुआ था और अब एक बार फिर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।

आरोपी से पूछताछ जारी

पुलिस आरोपी से अवैध पिस्टल बेचने वाले दोनों सिकलीगरों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है और ये भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या आरोपी इससे पहले भी अवैध पिस्टल लाकर जिले में बेच चुका है। बता दें कि खरगोन जिले में बड़े पैमाने पर अवैध हथियारों का कारोबार होता है और यहां सिकलीगर अवैध हथियारों को बनाकर बेचते हैं। मध्यप्रदेश ही नहीं देश के अलग-अलग हिस्सों से आपराधिक प्रवृत्ति के लोग खरगोन में बने हथियार खरीदते हैं। हालांकि पुलिस लगातार अवैध हथियार बनाने वाले सिकलीगरों पर अवैध हथियार बेचने वाले दलालों पर कार्रवाई करती है लेकिन अवैध हथियारों की बिक्री और बनाने का काम अभी भी चोरी छिपे किया जा रहा है।

Updated on:
07 Apr 2026 08:37 pm
Published on:
07 Apr 2026 08:37 pm