खंडवा

एमपी के पूर्व मंत्री के बेटे को बीच प्रदर्शन से गिरफ्तार कर ले गई महाराष्ट्र पुलिस

mp news: कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल पूर्व मंत्री के बेटे और कांग्रेस नेता यशवंत सिलावट को महाराष्ट्र पुलिस ने हिरासत में लिया।
2 min read
Dec 21, 2025
yashwant silawat
son of a former minister was arrested by Maharashtra police (फोटो यशवंत सिलावट सोशल मीडिया)

mp news: मध्यप्रदेश के एक पूर्व मंत्री के बेटे को महाराष्ट्र की पुलिस रविवार को खंडवा से गिरफ्तार कर ले गई है। पूर्व मंत्री के बेटे और कांग्रेस नेता खंडवा में हो रहे कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान महाराष्ट्र पुलिस खंडवा पुलिस के साथ वहां पहुंची और प्रदर्शन के बीच से ही उन्हें गिरफ्तार कर अपने साथ महाराष्ट्र ले गई। बताया गया है कि कांग्रेस नेता पर हत्या के प्रयास से जुड़ा एक मामला महाराष्ट्र में दर्ज है और इसी सिलसिले में उनकी गिरफ्तारी की गई है।

पूर्व मंत्री के बेटे को महाराष्ट्र पुलिस ने किया गिरफ्तार

खंडवा में रविवार दोपहर को कांग्रेस केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा स्कीम का नाम बदलने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही थी। इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व मंत्री के बेटे और कांग्रेस नेता यशवंत सिलावट भी मौजूद थे, तभी महाराष्ट्र पुलिस खंडवा पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और कांग्रेस नेताओं के बीच से ही यशवंत सिलावट को गिरफ्तार कर अपने साथ महाराष्ट्र ले गई। महाराष्ट्र के धुलिया जिले की सिरपुर पुलिस ने यशवंत सिलावट को गिरफ्तार किया है। यशवंत सिलावट के पिता हीरालाल सिलावट पंधाना विधानसभा से दो बार विधायक रह चुके हैं और वो दिग्विजय सरकार में मत्स्य पालन विभाग के मंत्री भी रहे।

हत्या के प्रयास के केस में गिरफ्तारी

बताया गया है कि करीब एक साल पहले यशवंत सिलावट ने महाराष्ट्र के धुलिया जिले के रहने वाले एक व्यक्ति पर गोली चला दी थी। गोली लगने से व्यक्ति गंभीर घायल हुआ था और घटना के बाद सिलावट भाग गए थे। महाराष्ट्र पुलिस ने सिलावट के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था और तभी से उनकी तलाश कर रही थी। इस दौरान सिलावट ने अग्रिम जमानत के लिए जिला कोर्ट धुलिया से लेकर हाईकोर्ट तक याचिका दायर भी कीं लेकिन सभी याचिकाएं कोर्ट ने निरस्त कर दीं। वहीं पुलिस के द्वारा गिरफ्तार किए जाने पर यशवंत सिलावट ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैं प्रॉपर्टी का काम करता हूं कोई मामला हो गया होगा इसलिए पुलिस पूछताछ के लिए ले जा रही है।

Updated on:
21 Dec 2025 07:27 pm
Published on:
21 Dec 2025 07:27 pm