
मप्र पावर ट्रांसमिशन कंपनी द्वारा 132 केवी सनावद आरटीएस निमाडख़ेड़ी विद्युत पारेषण लाइन का कार्य किया जा रहा है। इसके अंतर्गत ग्राम सुलगांव में विधवा किसान तुलसाबाई के खेत से लाइन निकल रही है, जिसमें एमपी ट्रांसको द्वारा 6 हाईटेंशन टॉवर खड़े किए जा रहे है। एक जून को एमपी ट्रांसको द्वारा यहां टॉवर लगाने की कार्रवाई का किसानों ने विरोध किया था। गुरुवार को एमपी ट्रांसको ने विरोध दर्ज करने वाले 9 किसानों पर धनगांव थाने में शासकीय कार्य में बाधा का केस दर्ज कराया है।
गुरुवार को धनगांव थाने में कुल 9 व्यक्तियों के विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 132, 127 (2) तथा 189(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। धनगांव पुलिस थाने के उप निरीक्षक दिनेश कुमरावत ने बताया कि जिन 9 व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है, उनमें गोपाल पाटीदार, रामेश्वर गुर्जर, विशाल गुर्जर, कैलाश पाटीदार, जगदीश यादव, उदित नांदिया, सीताराम इंगला, धर्मेन्द्र एवं किशोर पाटीदार शामिल हैं। गुरुवार को केस दर्ज होने की सूचना मिलने पर किसानों सहित रेवा गुर्जर समाज, करणी सेना में भारी आक्रोश है।
गुरुवार शाम किसान मजदूर महासंघ जिलाध्यक्ष त्रिलोकचंद पटेल और विजय चौधरी सनावद ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारणेकर से मुलाकात कर स्थिति से अवगत कराया। एएसपी तारणेकर ने इसके लिए समिति बनाकर प्रभावित किसान को मुआवजा दिलाने की बात कही है। त्रिलोकचंद पटेल ने बताया कि शुक्रवार को धनगांव में बैठक की जाएगी। जिसमें आगे की रणनीति बनाई जाएगी। साथ ही शनिवार को कलेक्ट्रेट में एक ज्ञापन भी दिया जाएगा। जिसमें प्रभावित महिला किसान को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की जाएगी। इसके साथ एफआइआर को भी निरस्त करने की मांग करेंगे।
त्रिलोकचंद पटेल ने बताया कि किसान के हक में आवाज उठाना अब प्रशासन की नजर में अपराध हो गया है। जिस जगह टॉवर लगाए जा रहे है, वहां कलेक्टर गाइड लाइन 25 लाख रुपए हेक्टेयर है, जबकि बाजार भाव 40 लाख रुपए एकड़ का है। विधवा महिला किसान को कंपनी मुआवजा दिए बिना ही उसका दो एकड़ खेत खराब कर रही है। गुरुवार को एडिशनल एसपी ने आश्वासन दिया है कि समिति बनाकर जिसमें प्रभावित किसान, महासंघ के दो लोग, प्रशासन के दो लोग और कंपनी के लोग मिलकर चर्चा करें और जो भी हल हो निकाले। इसके लिए कलेक्टर से भी चर्चा की जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक एमपी ट्रांसको शुक्रवार को इंदौर से भारी पुलिस बल लाकर महिला किसान के खेत में जबरन टॉवर लगाने की कार्रवाई कर सकती है। इसकी सूचना मिलने पर महिला किसान तुलसाबाई और उनके पुत्र परम बिरला ने सामूहिक रूप से आत्मदाह की चेतावनी भी दी है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर गुरुवार रात 10 बजे के बाद वायरल हुआ है।
किसान को बिना मुआवजा दिए उसके खेत में टॉवर लगाना गलत बात है। इसके लिए कलेक्टर से कहा है कि किसान को उचित मुआवजा दिलाया जाए। किसानों पर एफआइआर की जानकारी अभी लगी है। इस मामले में कलेक्टर, एसपी से चर्चा की जाएगी।
ज्ञानेश्वर पाटिल, सांसद