
Khandwa Spa Center Raid: मध्यप्रदेश के खंडवा में पुलिस ने एक स्पा सेंटर पर छापा मारकर 3 युवतियों और 5 युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस को स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस को कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी स्पा सेंटर में मिलने की जानकारी सामने आई है। पकड़ी गई युवतियां दिल्ली और इंदौर की रहने वाली बताई जा रही हैं। फिलहाल पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है।
खंडवा शहर के मोघट थाना क्षेत्र में संचालित द बेस्ट स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियां होने की सूचना पुलिस को मिल रही थीं, इन शिकायतों के आधार पर पुलिस ने देर रात द बेस्ट स्पा सेंटर पर छापा मारा तो वहां हड़कंप मच गया। पुलिस की रेड पड़ते ही स्पा सेंटर में मौजूद लड़के-लड़कियां भागने लगे जिन्हें पकड़कर पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस ने स्पा सेंटर से 3 लड़कियों और 5 लड़कों को पकड़ा है, जिन्हें थाने लाकर पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक स्पा सेंटर से आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है। जो लड़के-लड़कियां पकड़े गए हैं उनसे पूछताछ की जा रही है। बताया गया है कि पकड़ी गईं लड़कियां दिल्ली-इंदौर की रहने वाली हैं। पकड़े गए लड़कों में एक स्पा सेंटर का कर्मचारी है जिसका नाम सद्दाम बताया गया है। पकड़ी गई युवतियों को पुलिस ने वन स्टॉप सेंटर भेजा है और उनके परिजनों को भी पहचान और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद सूचना भेजी गई है।
पुलिस का कहना है कि स्पा सेंटर के संचालक के बारे में पता लगाया जा रहा है। स्पा सेंटर के लाइसेंस व अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि स्पा सेंटर की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। बताया गया है कि पुलिस अब शहर में संचालित अन्य स्पा सेंटरों की भी जांच करने की तैयारी में है और जल्द ही शहर में स्पा सेंटरों को लेकर चेकिंग अभियान चलाया जा सकता है।