खरगोन

गर्भवती महिला को अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस खाई में गिरी, जन्म से पहले ही गर्भस्थ शिशु की मौत

परिजन का आरोप- शराब पीकर एंबुलेंस चला रहा था ड्राइवर, महिला घायल...  
2 min read
• •
Updated: 9 Sep 2022, 8:37 PM IST
khargone.jpg

खरगोन. खरगोन जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां एक गर्भवती महिला को अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस हादसे का शिकार हो गई और खाई में जा गिरी। इस घटना में महिला के गर्भ में पल रहे शिशु की जन्म से पहले ही मौत हो गई जबकि महिला घायल हुई है जिसका इलाज किया जा रहा है। महिला के परिजन का आरोप है कि एंबुलेंस का ड्राइवर शराब के नशे में गाड़ी चला रहा था और उसी की लापरवाही के कारण ये हादसा हुआ है। घटना कसरावद के पास की है जहां एंबुलेंस पहले तो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई और फिर खाई में जा गिरी। हादसे में गर्भवती महिला के साथ ही एंबुलेंस में सवार परिजन को भी चोटें आई हैं।

ये है पूरी घटना
खरगोन जिले के भोकनाथ निवासी राहुल ने बताया कि उनकी पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर वो पत्नी को लेकर बड़वाह सिविल अस्पताल पहुंचे थे लेकिन वहां से डॉक्टरों ने खरगोन रेफर कर दिया। उन्होंने 108 एंबुलेंस को कॉल किया तो कुछ ही देर बाद एंबुलेंस आ गई। जिसमें गर्भवती पत्नी व परिजन बैठकर खरगोन जिला अस्पताल के लिए निकले। राहुल ने आगे बताया कि खरगोन जाते वक्त रास्ते में 108 एंबुलेंस के ड्राइवर ने कतरगांव में पेट्रोल पंप के पास एंबुलेंस को रोक दिया और एक साथी के साथ ढाबे पर चला गया। जहां करीब 20 मिनट तक दोनों ने शराब पी। इस दौरान पत्नी दर्द से तड़पती रही। जब ड्राइवर व उसका साथी शराब पीकर लौटे तो उन्होंने पत्नी के दर्द से तड़पने के बारे में बताया। जिसके बाद ड्राइवर तेज गति से एंबुलेंस चलाने लगा और कसरावद के पास एंबुलेंस तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकराकर खाई में जा गिरी।

आखिर कब होगी कार्रवाई ?
इस हादसे में गर्भवती और परिजन को गंभीर चोट आई है। वहीं बच्चे की कोख में ही मौत हो गई। बता दें कि खरगोन में अक्सर 108 एंबुलेंस के इस तरह के हादसे देखने को मिल रहे। कहीं न कहीं एंबुलेंस चालक की लापरवाही के चलते इस तरह के हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है। अब देखना होगा कि इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है।

Published on: