
Khargone Mother Son Accident: 26 जनवरी को बेटे की शादी थी, मां बेटे को दूल्हा बन देखने के लिए बेहद उत्साहित थी और बहू के स्वागत के लिए भी तैयारियों में जुटी हुई थी। लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था, शुक्रवार को शादी की तैयारियों में जुटे मां-बेटा शॉपिंग कर घर लौट रहे थे, इसी दौरान उनकी कार एक ट्रॉले से टकरा गई और हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई। दिलदहला देने वाली घटना मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर की है। हादसे में मां-बेटे की मौत होने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक करोंदिया गांव की रहने वाली 45 वर्षीय वंदना पाटीदार के बेटे मोनेश पाटीदार (25) की 26 जनवरी को मंडलेश्वर की रहने वाली युवती के साथ होने वाली थी। बेटे की शादी की तैयारियां घर में चल रही थीं और मां-बेटे दोनों ही शादी की शॉपिंग करने के लिए धामनोद गए थे। शुक्रवार को धामनोद से मां-बेटे कार से करोंदिया गांव वापस लौट रहे थे, इसी दौरान जैसे ही वो धामनोद-बड़वाह मार्ग पर पहुंचे उनकी कार सामने से आ रहे ट्रॉले से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और मां-बेटे दोनों ही कार में फंस गए थे।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने किसी तरह मां वंदना को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बेटे मोनेश का शव कार में ही फंसा हुआ था जिसे जेसीबी की मदद से कार से निकाला जा सका। बताया जा रहा है कि वंदना के पति महेन्द्र पाटीदार का करीब 6 साल पहले निधन हो चुका है और परिवार में मां-बेटा ही थे। हादसे में मां-बेटे की खबर जैसे ही करोंदिया गांव पहुंची तो पूरे गांव में शोक छा गया। हादसे के बाद ट्रॉले का ड्राइवर ट्रॉले को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस ने ट्रॉले को जब्त कर ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।