Sachin Tendulkar In Khargone : लोक माता देवी अहिल्या बाई की 230वीं पुण्यतिथि पर खरगोन में योजित पालकी यात्रा में पत्नी अंजलि, बेटी सारा के साथ शामिल हुए सचिन तेंदुलकर। पालिका अध्यक्ष ने लोकमाता की प्रतिमा भेंट की।
Sachin Tendulkar In Khargone : मध्य प्रदेश के खरगोन में लोकमाता देवी अहिल्या बाई की पालकी यात्रा में मशहूर पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजलि, बेटी सारा समेत परिवार के अन्य सदस्यों के साथ शामिल हुए। सचिन तेंदुलकर ने लोकमाता देवी अहिल्या बाई होलकर की राज गादी के परिवार समेत दर्शन कर सपत्नीक पालकी की पूजा अर्चना भी की।
पालकी यात्रा के साथ भगवान श्री राजराजेश्वर और काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। सचिन ने अपनी मां के लिए शिवलिंग लिया। इच्छा जाहिर करने पर मंदिर पुजारी सागरगिरी महंत ने उन्हें भेंट किया। नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि गजराज यादव ने सचिन तेंदुलकर को लोकमाता की प्रतिमा भी भेंट की। आपको बता दें कि, आज सचिन अपने परिवार के साथ अपने घर रवाना होंगे।
खरगोन शहर में लोक माता देवी अहिल्या बाई की 230वीं पुण्यतिथि पर एक भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। फूलों से सजी पालकी में देवी अहिल्या बाई की प्रतिमा को रखकर यात्रा देवी अहिल्या उत्कृष्ट विद्यालय परिसर से शुरू हुई। जैसे ही पालकी शहर से गुजरी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ साथ आम लोगों ने पुष्प वर्षा कर उसका स्वागत किया।
पूरा शहर देवी मां अमर रहे! और राजमाता अहिल्याबाई की जय! के जयघोष लगा रहा था। भव्य यात्रा शहर के हृदय से गुजरते हुए कुंदा नदी के तट पर समाप्त हुई, जहां सभी ने देवी अहिल्या बाई के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया। ये आयोजन उनकी पुण्यतिथि को याद करते हुए उनके आदर्शों और मूल्यों को श्रद्धांजलि देने का एक मौका था।