12 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दिल दहला देने वाली घटना, 3 बच्चों को कुएं में फेंककर खुद भी कूद गई मां, फिर दम घुटा तो बाहर आ गई, मासूमों की मौत

MP News : पहले दो बेटों को कुएं में फेंका, फिर 20 दिन के मासूम को सीने से लगाकर मां ने लगाई मौत की छलांग। दम घुटने पर खुद तो बाहर आ गई महिला पर तीनों मासूमों की हो गई मौत।

2 min read
Google source verification
MP News

तीन मासूमों की कुएं में डूबने से मौत (Photo Source- Patrika)

MP News :मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से एक झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। ये खबर ऐसी है, जिसने मां की ममता को शर्मसार कर दिया है। बता दें कि, जिले के सनावद थाना इलाके में एक मां ने अपने ही 3 मासूम बच्चों की हत्या कर दी। महिला ने अपने तीनों बच्चों को कुएं में फेंकने के बाद खुद भी छलांग लगा दी, लेकिन नियति का खेल देखिए, तीनों बच्चों की जान चली गई और महिला सुरक्षित कुएं से बाहर निकल आई।

घटना ग्राम मलगांव और भोमवाड़ा के बीच एक खेत की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि, आरोपी महिला नानी बाई ने पहले अपने दो साल के बेटे अर्जुन और चार साल के बेटे करण को कुएं में फेंका। इसके बाद वो अपने महज 20 दिन के नवजात शिशु को साथ लेकर कुएं में कूद गई। लेकिन नानी बाई तैरना जानती थी। कुएं में कूदने के बाद जब उसका दम घुटने लगा तो तैरते हुए कुएं के छोर पर आई और सीढ़ी के सहारे कुएं से बाहर आ गई। हालांकि, पानी में डूबने से उसके तीनों मासूम बच्चों की तड़प-तड़पकर मौत हो गई। घटना की जानकारी लगते ही मौके पर पहुंची सनावद पुलिस ने तीनों शवों को कुएं से बाहर निकालकर पंचनामा बनाकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया।

पति बोला- 'कोई विवाद ही नहीं हुआ'

महिला का पति कालू और उसका परिवार खंडवा जिले के पिपलूद से यहां गेहूं काटने के लिए मजदूरी करने आया था. कालू ने बताया कि बुधवार सुबह 7 बजे वह काम पर गया था और पत्नी के साथ उसका कोई झगड़ा नहीं हुआ था. वे लोग खेत के पास ही अस्थायी झोपड़ी बनाकर रह रहे थे.

पुलिस जांच में जुटे अनसुलझे सवाल

खरगोन एसपी रवींद्र वर्मा ने बताया कि, मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है। बड़ा सवाल यही है कि, आखिर बिना किसी तात्कालिक विवाद के एक मां ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया? क्या महिला मानसिक तनाव में थी? क्या गरीबी या कोई अन्य पारिवारिक दबाव इस घटना के पीछे है? पुलिस आसपास के मजदूरों और परिजन से पूछताछ कर रही है, ताकि इस सनसनीखेज हत्याकांड से पर्दा उठाया जा सके।