
truck loaded with potatoes caught fire (Patrika.com)
MP News: मध्य प्रदेश से गुजरने वाले मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे में चौंका देने वाला दृश्य देखने को मिला। खरगोन के निमरानी बायपास पर रविवार शाम लगभग 4 से 4:30 बजे के बीच आलू से भरे एक ट्रक में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। ट्रक नंबर MP 09 HH 8294 इंदौर से बैंगलोर की ओर जा रहा था। आग लगते ही ड्राइवर और कंडक्टर ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई।
देखते ही देखते आग की लपटें आसमान तक उठने लगीं और कुछ ही देर में पूरा ट्रक आग की चपेट में आ गया। ट्रक में रखी गैस टंकी और टायरों के ब्लास्ट होने से स्थिति और भयावह हो गई, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही खलटाका चौकी को खबर दी गई और दमकल को भी बुलाया गया, लेकिन करीब एक घंटे तक कोई फायर वाहन मौके पर नहीं पहुंच सका।
करीब एक घंटे बाद कसरावद, ठीकरी और धरमपुरी से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। तीनों स्थानों की फायर ब्रिगेड ने संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया।
हादसे के चलते हाईवे पर लगभग 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। दोनों ओर एम्बुलेंस भी ट्रैफिक में फंसी रहीं। रात 8 बजे तक यातायात पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका। क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा और त्वरित आपदा प्रबंधन व्यवस्था नहीं होने को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। शासन-प्रशासन को कई बार सूचित किए जाने के बावजूद ठोस व्यवस्था नहीं होने पर लोगों ने नाराजगी जताई।
घटना के दौरान सहायता के लिए पहुंचे पत्रकार गौरव सिसोदिया ने सामने से आ रहे मोटरसाइकिल सवार को बचाने का प्रयास किया, जिसमें उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया। हादसे के समय ग्राम निमरानी के युवाओं ने भी सराहनीय सहयोग किया। कुछ ग्रामीण अपने निजी फायर एक्सटिंग्विशर लेकर मौके पर पहुंचे, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण प्रारंभिक प्रयास नाकाफी रहे।
मौके पर खलटाका चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था में जुटे रहे। ग्रामीणों में संतोष पटेल, आयुष दसौंधी, हिमांशु चौहान, सुमित यादव, अभय मालवीय, पारस निगवाल सहित कई युवा आग बुझाने और यातायात व्यवस्था संभालने में मददगार बने। घटना ने एक बार फिर निमरानी औद्योगिक क्षेत्र और बायपास पर स्थायी फायर स्टेशन एवं आपातकालीन व्यवस्था की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। (MP News)
Published on:
22 Feb 2026 11:06 pm
बड़ी खबरें
View Allखरगोन
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
