-पति के काम से नाराज गर्भवती पत्नी ने दी जान-नहर में कूदकर की आत्महत्या-36 घंटे बाद नहर से मिला शव-मामले की जांच में जुटी पुलिस
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के अंतर्गत आने वाले बड़वाह में एक महिला की आत्महत्या का अजीबो गरीब मामला सामने आया है। पुलिस की शुरुआती पड़ताल में पता चला है कि, महिला अपने पति के फैक्ट्री में नाइट ड्यूटी करने से नाराज थी। पति के अनुसार, उसने घर के नजदीक स्थित नहर में छलांग लगा दी। 36 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद महिला की लाश मिल गई है।
बताया जा रहा है कि, पति के काम पर जाने से नाराज 22 वर्षीय गर्भवती महिला ने नहर में कूदकर जान दे दी। नहर में कूदने के 36 घंटे महिला का पति और परिजन नहर में उसे तलाश रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे महिला का शव सिरलाय के नर्मदा - क्षिप्रा लिंक परियोजना के पम्पिंग स्टेशन पर मिला है।
36 घंटे बाद पंपिंग स्टेशन में फंसी मिली लाश
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंदा पटेल की रविवार शाम को अपने पति सेवकराम से काम पर जाने को लेकर नोंक झोक हो गई थी। सेवकराम बावड़ी खेडा स्थित एक फेक्ट्री में नाईट ड्यूटी कर रहा था। सेवकराम के अनुसार, चंदा रविवार शाम 7.30 बजे उसे फेक्ट्री जाने के लिए मना कर रही थी। लेकिन, सेवकराम ने कहा कि, कुछ दिन पहले ही उसकी छुट्टिया हो चुकी हैं। ऐसे में अचानक से छुट्टी लेना ठीक नहीं है। सेवकराम के अनुसार, वो ये कहकर घर से निकल गया। उसके कुछ दुरी तक जाने के बाद चंदा ने नहर में छलांग लगा दी। पीछे से जब सेवकराम को किसी के पानी में गिरने की आवाज आई तो उसने घर की तरफ भी ध्यान दिया। इस दौरान घर का दरवाजा भी खुला देख उसे संदेह हुआ तो वो तुरंत ही घर की भागा। घर में पत्नी चंदा नहीं थी। इसपर उसने नहर की तरफ दौड़ते हुए सौर मचाना शुरु कर दिया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सेवकराम की आवाज सुनकर आसपास के रहवासी भी नहर किनारे इकट्ठे हो गए। लेकिन, अंधेरा ज्यादा होने के कारण नहर में कुछ दिखाई नहीं दिया। ऐसे में रातभर इंतजार करने के बाद सेवकराम, उसके परिजन और गांव के लोगों ने मिलकर सोमवार से नहर में महिला की खोजबीन शुरु की। नहर के आसपास भी परिजन द्वारा उसे तलाशा गया, लेकिन गर्भवती महिला का कहीं कोई पता नहीं चल सका। अगले दिन मंगलवार सुबह करीब 10 बजे उसका शव मिल गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बड़वाह के शासकीय अस्पताल रवाना किया। साथ ही, मामले की पड़ताल शुरु कर दी है। फिलहाल, पुलिस का मानना है कि, पति का एंगल तो जान लिया है, लेकिन, घटना का वास्तविक कारण क्या है ? इसकी पड़ताल की जा रही है।