किशनगढ़

राजस्थान पुलिस ने मजदूर बनकर रेकी की, फिर दबिश देकर पकड़ा इनामी शराब तस्कर; 18 साल से था फरार

राजस्थान पुलिस ने 18 साल से फरार चल रहे इनामी शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मजदूर बनकर रेकी की, फिर दबिश देकर इनामी शराब तस्कर को पकड़ा-
2 min read
Apr 23, 2026
rajasthan police
किशनगढ़. आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी देते वृत्ताधिकारी किशनगढ़ ग्रामीण आयुष वशिष्ठ एवं थानाधिकारी दयाराम चौधरी।इनसेट में आरोपी दिनेश सिंह उर्फ  दिनेश कुमार।

मदनगंज-किशनगढ़/बांदरसिंदरी. राजस्थान पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 18 साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस से बचता फिर रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।

पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में चलाए जा रहे फरार अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दीपक कुमार और वृत्ताधिकारी किशनगढ़ ग्रामीण आयुष वशिष्ठ के सुपरविजन में थानाधिकारी दयाराम चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

2009 का है मामला

प्रकरण 2 जनवरी 2009 का है, जब बांदरसिंदरी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। पुलिस ने नाकाबंदी कर ट्रक रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक और खलासी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। तलाशी में ट्रक से 856 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई थी।

जांच के दौरान ट्रक मालिक दिनेश सिंह उर्फ दिनेश कुमार निवासी छांवला (नई दिल्ली) को आरोपी बनाया गया, लेकिन वह लगातार फरार रहा। बाद में न्यायालय से उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ और उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया।

गांव में दबदबा, सूचना देने से कतराते थे लोग

पुलिस टीम जब आरोपी की तलाश में उसके गांव पहुंची तो पता चला कि उसका भाई एक राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक पार्टी से जुड़ा है और क्षेत्र में प्रभावशाली है। इसी कारण ग्रामीण आरोपी के बारे में जानकारी देने से बचते रहे।

मजदूर बनकर पहुंची पुलिस

पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपी के संपर्क नंबर जुटाए और छद्म रूप से वीडियो कॉल कर उसकी पहचान सुनिश्चित की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसके ठिकाने का पता लगाया गया। सूचना मिली कि आरोपी गांव के बाहर अपने फार्म हाउस पर रह रहा है, जहां निर्माण कार्य चल रहा है। इस पर पुलिस टीम के सदस्य मजदूर बनकर मौके पर पहुंचे और रेकी की।

21 अप्रेल 2026 को आरोपी जैसे ही फार्म हाउस पर मजदूरों की निगरानी के लिए पहुंचा, अंदर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बाहर टीम को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय छांवला थाना पुलिस की मदद से दबिश दी गई। आरोपी ने मजदूरों के बीच छिपकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

समर्थकों के विरोध के बीच गिरफ्तारी

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी का भाई समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचा और विरोध किया, लेकिन पुलिस ने संयम से कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और छांवला थाने ले गई। बाद में आवश्यक कार्रवाई कर उसे बांदरसिंदरी थाना लाया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है। मामले में जब्त शराब और तस्करी में प्रयुक्त वाहन के संबंध में पूछताछ जारी है।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस टीम ने आरोपी दिनेश सिंह उर्फ दिनेश कुमार (52) निवासी छांवला, जिला द्वारका (नई दिल्ली) को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम में थानाधिकारी दयाराम चौधरी समेत रामस्वरूप (उपनिरीक्षक), राजू लाल, अनिल कुमार, सीताराम, सत्येंद्र कुमार शामिल रहे।

Updated on:
23 Apr 2026 03:22 pm
Published on:
23 Apr 2026 03:22 pm