कोलकाता

मिथुन चक्रवर्ती की सर्जरी सफल, अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी; बोले- ‘बंगाल की धरोहर हैं महागुरु’

Mithun Chakraborty Health Update: कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती से शुक्रवार को मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों से उनकी सेहत की जानकारी ली, जबकि अस्पताल ने सर्जरी के बाद उनकी हालत स्थिर बताई है।
2 min read
Aug 07, 2026
cm suvendu adhikari
मिथुन चक्रवर्ती का हाल-चाल लेते मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी। फोटो- (FB-SuvenduWB)

कोलकाता। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को ईस्टर्न मेट्रोपॉलिटन बाइपास के निकट स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती वरिष्ठ अभिनेता और राजनेता मिथुन चक्रवर्ती से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ जादवपुर की विधायक शरवरी मुखर्जी तथा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने अस्पताल के चिकित्सकों से बातचीत कर मिथुन चक्रवर्ती की शारीरिक स्थिति और सर्जरी के बाद चल रही उनकी स्वास्थ्य लाभ प्रक्रिया की जानकारी ली।

मिथुन चक्रवर्ती से मिलते मुख्यमंत्री।

व्यापक किया था चुनाव प्रचार

वरिष्ठ अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने वर्ष 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान उम्र संबंधी स्वास्थ्य चुनौतियों और चुनाव प्रचार के बीच अस्वस्थ होने के बावजूद पूरे राज्य में व्यापक चुनाव प्रचार किया था। चुनाव में जीत और मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सुवेंदु अधिकारी ने इससे पहले न्यू टाउन स्थित मिथुन चक्रवर्ती के आवास पर जाकर उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया था।

मिथुन चक्रवर्ती की सर्जरी सफल रही

सर्जरी के लिए अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री अपने चिनार पार्क स्थित आवास से सीधे अस्पताल पहुंचे। अस्पताल के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, मिथुन चक्रवर्ती की सर्जरी सफल रही है और वर्तमान में उनकी स्थिति स्थिर है। उनका स्वास्थ्य अच्छा है। उनका उपचार कर रहे चिकित्सकों ने बताया कि उनके सभी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य मानक सामान्य हैं और उन्हें अगले एक से दो दिनों के भीतर अस्पताल से छुट्टी दिए जाने की संभावना है। उनके शरीर में पहले लगाई गई धातु (मेटल) की प्लेट को निकाला गया। यह प्लेट एक पुराने हादसे के बाद लगाई गई थी।

मिथुन चक्रवर्ती बंगाल की धरोहर

बता दें कि इस दौरान उनके साथ जादवपुर की विधायक शरबरी मुखोपाध्याय समेत अन्य लोग भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने इलाज कर रहे डॉक्टरों से भी चर्चा कर अभिनेता के स्वास्थ्य की जानकारी ली। अस्पताल से बाहर निकलने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि मिथुन चक्रवर्ती बंगाल की धरोहर हैं। उनका सम्मान किसी राजनीतिक पहचान से जुड़ा नहीं है। हालांकि बंगाल में राष्ट्रवादी सरकार बनाने के प्रयासों में महागुरु का बड़ा योगदान रहा है। उनकी एक छोटी सर्जरी हुई है और अब वे स्वस्थ हैं। मुख्यमंत्री ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में भी मिथुन चक्रवर्ती से मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं। अस्पताल की ओर से मिली जानकारी के अनुसार अभिनेता की सर्जरी सफल रही है और उनकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है।

Updated on:
07 Aug 2026 03:17 pm
Published on:
07 Aug 2026 02:52 pm