कोलकाता

CEC को हटाने की मांग पर मार्च के कुछ घंटे बाद माकपा कार्यालय में तोड़फोड़, भाजपा पर लगा हमला करने का आरोप

Bangal political clash: कूचबिहार में सीईसी को हटाने की मांग को लेकर माकपा के विरोध मार्च के कुछ घंटे बाद पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ का मामला सामने आया। माकपा ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया है, जबकि भाजपा ने इसे खारिज किया है।
2 min read
• •
Oct 04, 2026
Bangal political clash
क्षतिग्रस्त ऑफिस। फोटो- आईएएनएस

कोलकाता। कूचबिहार जिले में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर निकाले गए विरोध मार्च के कुछ घंटे बाद माकपा के कार्यालय में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। माकपा ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर कार्यालय में हमला करने और सामान तोड़ने का आरोप लगाया है। हालांकि भाजपा ने आरोपों से इनकार किया है। घटना शनिवार रात माथाभांगा नंबर एक ब्लॉक के जोरपाटकी इलाके की है। माकपा की जोरपाटकी क्षेत्र समिति की ओर से गोलकगंज बाजार इलाके में विरोध मार्च निकाला गया था।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने की मांग

पार्टी के अनुसार मार्च में मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग प्रमुख थी। इसके अलावा वैध मतदाताओं के नाम तत्काल मतदाता सूची में जोड़ने, अन्नपूर्णा योजना से अब तक वंचित लोगों को राशि देने और जरूरी सामान की बढ़ती कीमतों पर रोक लगाने जैसी मांगें भी उठाई गईं। माकपा ने महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपए देने की मांग भी रखी। माकपा के जिला सदस्य मोक्सेदुल इस्लाम ने आरोप लगाया कि मार्च खत्म होने के बाद पार्टी कार्यकर्ता कार्यालय में करीब एक घंटे तक बैठक करते रहे। सभी के घर लौटने के बाद कार्यालय में ताला लगा दिया गया।

कार्यकर्ताओं को डराने की कोशिश

इसके कुछ घंटे बाद कार्यालय पर हमला किया गया और वहां रखे सामान में भी तोड़फोड़ की गई। इस्लाम ने कहा कि सीईसी को हटाने और मतदाता सूची से जुड़ी मांगों को लेकर राज्य के अलग-अलग हिस्सों में विरोध मार्च निकाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जोरपाटकी में भी पुलिस की अनुमति से मार्च निकाला गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी कार्यालय पर हमला कर कार्यकर्ताओं को डराने की कोशिश की जा रही है। माकपा की ओर से इस मामले में पुलिस में शिकायत देने की बात कही गई है।

माकपा के आरोपों को भाजपा ने खारिज किया

माकपा के आरोपों को भाजपा ने खारिज कर दिया। भाजपा जिला समिति के सदस्य और मंडल नंबर दो के पूर्व अध्यक्ष राजीव सरकार ने कहा कि उन्हें माकपा कार्यालय में तोड़फोड़ की जानकारी मिली है, लेकिन इस घटना में भाजपा का कोई व्यक्ति शामिल नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा पर लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं। पुलिस के अनुसार, अभी तक पार्टी कार्यालय पर हमले या तोड़फोड़ को लेकर कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना की जानकारी जुटा रही है।

Updated on:
04 Oct 2026 04:36 pm
Published on:
04 Oct 2026 04:34 pm