कोलकाता

RG Kar Case: आरजी कर केस में गिरफ्तार निर्मल घोष पर हमला, पुलिस सुरक्षा में कोर्ट ले जाते समय भीड़ ने फेंके अंडे

Nirmal Ghosh: आरजी कर मामले में गिरफ्तार पूर्व विधायक निर्मल घोष को शुक्रवार कोर्ट ले जाते समय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। खड़दह थाने के बाहर लोगों ने उन पर अंडे फेंके और नारेबाजी की।
2 min read
Aug 14, 2026
Nirmal Ghosh
कोर्ट परिसर के बाहर जमा भीड़। फोटो (X- @tanvibose)

कोलकाता। कोलकाता के RG Kar मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल मामले की शिकार एक डॉक्टर के शव का कथित तौर पर जल्दबाजी में अंतिम संस्कार करने के मामले में गिरफ्तार पानिहाटी के पूर्व विधायक निर्मल घोष को शुक्रवार खड़दह थाने लाया गया। पुलिस जब उन्हें बैरकपुर अनुमंडल अदालत में पेश करने के लिए ले जा रही थी। उसी दौरान थाने के बाहर मौजूद लोगों ने उन पर अंडे फेंके। विरोध से बचने के लिए निर्मल घोष ने हेलमेट पहन लिया, लेकिन पुलिस की सुरक्षा के बीच उन्हें कथित तौर पर धक्का-मुक्की, थप्पड़ और लात का सामना करना पड़ा।

‘चोर-चोर’ के नारे लगाए

इस मामले में गिरफ्तार पूर्व पार्षद संजीव मुखोपाध्याय को भी विरोध का सामना करना पड़ा। खड़दह थाने के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए। कुछ प्रदर्शनकारी जूतों की माला लेकर भी पहुंचे थे। मौके पर डीजे बजाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। पुलिस ने निर्मल घोष को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। गुरुवार रात संजीव मुखोपाध्याय को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस एक अन्य आरोपी सोमनाथ दे की तलाश कर रही है।

पीड़िता के पिता की नई शिकायत पर गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार पीड़िता के पिता की ओर से दर्ज नई शिकायत के आधार पर निर्मल घोष, संजीव मुखोपाध्याय और सोमनाथ दे के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है। आरोप है कि 9 अगस्त 2024 को आरजी कर अस्पताल के सेमिनार हॉल से महिला चिकित्सक का शव बरामद किए जाने के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में जल्दबाजी की गई थी। उस समय निर्मल घोष विधायक थे। शिकायत में शव के जल्द अंतिम संस्कार कराए जाने को लेकर निर्मल घोष सहित तीन लोगों की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। हालांकि इन आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

अदालत में पेशी के दौरान मौजूद रहे पीड़िता के पिता

शुक्रवार को आरोपियों को अदालत ले जाते समय पीड़िता के पिता भी खड़दह थाने में मौजूद थे। उन्होंने मीडिया से बातचीत नहीं की, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उनके चेहरे पर संतोष नजर आया। सूत्रों के अनुसार वह इस मामले में गोपनीय बयान दर्ज करा सकते हैं। उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस की ओर से अलग व्यवस्था किए जाने की भी संभावना है। आरजी कर अस्पताल में 9 अगस्त 2024 को ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक का शव मिलने के बाद यह मामला देशभर में चर्चा का विषय बना था। अब मामले से जुड़े नए आरोपों के आधार पर हुई गिरफ्तारियों ने जांच को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।

मुख्यमंत्री ने बैरकपुर पुलिस प्रमुख की सराहना की

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की महिला चिकित्सक से दुष्कर्म और हत्या के मामले से जुड़े कथित अंतिम संस्कार मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बैरकपुर पुलिस प्रमुख की सराहना की है। गिरफ्तार आरोपियों में पानिहाटी के पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक निर्मल घोष भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक फुटबॉल टूर्नामेंट से इतर संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि दोनों आरोपियों को पड़ोसी राज्यों से गिरफ्तार किया गया है।

Updated on:
14 Aug 2026 04:06 pm
Published on:
14 Aug 2026 03:59 pm
Also Read
View All
‘नेताजी का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा’, अपनी ही पार्टी के राज्यसभा सांसद पर भड़क उठी बंगाल सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पॉल, जानें पूरा मामला

बंगाल में लाउडस्पीकर हटाने पर बवाल, 4 हजार मस्जिदों से हटे स्पीकर, हाईकोर्ट पहुंचा मामला

बंगाल भाजपा अध्यक्ष की गाड़ी तोड़ने का मामला, 6 साल पुराना केस फिर खुला, अभिषेक बनर्जी के खिलाफ एक और नई शिकायत

नेताजी पर विवादित बयान से बंगाल भाजपा में सियासी घमासान, BJP सांसद अनंत महाराज से सरकार ने छीना ‘बंग विभूषण

कोलकाता के एनआरएस अस्पताल में मृत मिली नर्स, शौचालय का दरवाजा तोड़ा तो फर्श पर मिली अचेत