कोलकाता

Heavy Rain Alert: बंगाल में सक्रिय मानसून का असर, कई जिलों में भारी बारिश और गरज-चमक की चेतावनी

West Bengal Weather Alert: कोलकाता समेत बंगाल के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहेगी। उत्तर और दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
2 min read
Aug 22, 2026
Heavy Rain Alert
जलभराव से निकलते लोग। फोटो-आईएएनएएस

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने उत्तर और दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। बाकी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। दक्षिण बंगाल के उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना और पुरुलिया में बारिश के साथ गरज-चमक की चेतावनी दी गई है। सोमवार और मंगलवार को कोलकाता, हावड़ा और हुगली में भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं।

भारी बारिश की चेतावनी

सोमवार से बांकाुरा, झाड़ग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर, पूर्व मेदिनीपुर और दक्षिण 24 परगना में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। मंगलवार के बाद दक्षिण बंगाल के किसी जिले के लिए फिलहाल कोई चेतावनी नहीं दी गई है। हालांकि सभी जिलों में कहीं-कहीं बारिश का दौर जारी रह सकता है। उत्तर बंगाल में भी कुछ इलाकों में भारी बारिश जारी रहेगी। जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में शनिवार से बुधवार तक भारी बारिश का अनुमान है।

आगे बढ़ा कम दबाव का क्षेत्र

कूचबिहार और दार्जिलिंग में सोमवार को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। कालिम्पोंग में शनिवार को भारी बारिश के आसार हैं। उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा में फिलहाल भारी बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन शनिवार से मंगलवार तक कहीं-कहीं बारिश होती रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार कम दबाव का क्षेत्र आगे बढ़ चुका है, लेकिन मानसून की अक्षीय रेखा अभी सक्रिय है। इसके असर से अगले कुछ दिनों तक गरज वाले बादलों से स्थानीय स्तर पर बारिश होती रहेगी।

कोलकाता में उमस

समुद्र की स्थिति सामान्य होने के कारण फिलहाल मछुआरों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। कोलकाता में पहले के मुकाबले बारिश कम हुई है और तापमान बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया है। अधिक नमी के कारण उमस भी बढ़ गई है। शनिवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक था। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर बना रहेगा और कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

Updated on:
22 Aug 2026 03:08 pm
Published on:
22 Aug 2026 03:08 pm