कोलकाता

पश्चिम बंगाल में तृणमूल नेता और पिता की संदिग्ध मौत, घर में मिले दोनों के शव, पुलिस जांच में जुटी

TMC Leader Death: पश्चिम बंगाल के अशोकनगर में तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेता संजय राउत और उनके 72 वर्षीय पिता कमल राउत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
2 min read
• •
Oct 03, 2026
TMC Leader Death
पुलिस। फाइल फोटो- पत्रिका

West Bengal Crime News: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के अशोकनगर में तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेता संजय राउत और उनके 72 वर्षीय पिता कमल राउत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार को संजय का शव घर की बालकनी में मिला, जबकि उनके पिता कमरे में बेहोशी की हालत में पाए गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।

तृणमूल कांग्रेस के सक्रिय नेता

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। संजय राउत की उम्र 49 साल थी और वह अशोकनगर-कल्याणगढ़ नगरपालिका के वार्ड नंबर 13 के रहने वाले थे। वह इलाके में तृणमूल कांग्रेस के सक्रिय नेता थे और पहले अशोकनगर क्षेत्र के युवा तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष भी रह चुके थे। वह अशोकनगर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक नारायण गोस्वामी के करीबी माने जाते थे।

बालकनी में मिला शव

पुलिस के अनुसार, परिवार के लोगों ने शनिवार को घर की बालकनी में संजय का शव देखा। इसी घर के एक कमरे में उनके पिता कमल राउत बेहोशी की हालत में मिले। उन्हें तुरंत अशोकनगर स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज से पहले ही उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, संजय आयात-निर्यात का कारोबार भी करते थे। कुछ लोगों ने दावा किया कि कारोबार में नुकसान के कारण वह हाल के दिनों में परेशान थे। हालांकि पुलिस ने अभी तक मौत की वजह को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है।

अविवाहित थे संजय

पुलिस को शुरुआती जांच में संदेह है कि कमल राउत ने नींद की गोलियां ली हो सकती हैं। वहीं संजय का संदिग्ध शव मिला है। हालांकि इन बातों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पिता और बेटे की मौत के बीच क्या संबंध है और घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं है। संजय अविवाहित थे और अपने पिता के साथ रहते थे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत की सही वजह विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही सामने आएगी। अशोकनगर पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं दो मौतों से परिवार में शोक का माहौल है।

Updated on:
03 Oct 2026 06:47 pm
Published on:
03 Oct 2026 06:47 pm