कोलकाता

Bengal Murder: दूसरे लड़के से बात करती थी प्रेमिका, प्रेमी ने लड़की को दी दर्दनाक सजा, पुलिस ने रोकी बाइक तो खुला राज

Nursing Student Murder: पुरुलिया में 19 वर्षीय युवती की हत्या के आरोप में पुलिस ने 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि प्रेम संबंध के शक में हत्या के बाद आरोपी शव को बैग में भरकर बाइक से ठिकाने लगाने जा रहा था।
2 min read
Sep 13, 2026
Bengal Murder
प्रतीकात्मक तस्वीर

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में 19 वर्षीय युवती की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर युवती के किसी दूसरे युवक के साथ प्रेम संबंध होने के शक में हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने शव को बैग में भरकर बाइक से ठिकाने लगाने की कोशिश करते समय आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अमित कुमार महतो के रूप में हुई है। घटना बलरामपुर थाना क्षेत्र की है।

नाके पर जांच के दौरान पकड़ा

पुलिस के अनुसार शनिवार रात अमित ने युवती को अपने मेस में बुलाया था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। इसी दौरान अमित ने धारदार हथियार से युवती की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद आरोपी ने शव को बैग में रखा और उसे बाइक के पीछे बांध दिया। इसके बाद वह शव को ठिकाने लगाने के लिए रात के समय बलरामपुर की ओर निकल गया। बलरामपुर थाना क्षेत्र में नाके पर जांच के दौरान पुलिस को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं।

आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की

बाइक रोककर तलाशी ली गई तो बैग में खून से लथपथ युवती का शव मिला। पुलिस ने युवती को तत्काल स्थानीय बंशगढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में अमित ने हत्या की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घटनास्थल यानी आरोपी के मेस को सील कर दिया गया है। युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

नौ दिन की पुलिस हिरासत में भेजा

पुलिस के अनुसार युवती और आरोपी एक ही थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। पढ़ाई के सिलसिले में दोनों पुरुलिया शहर के बाहरी इलाके में अलग-अलग मेस में रहते थे। दोनों के रिश्ते में कुछ समय से तनाव चल रहा था। पुलिस को शक है कि किसी दूसरे युवक के साथ युवती के संपर्क में होने की आशंका के चलते आरोपी ने यह कदम उठाया। मृतका के एक रिश्तेदार ने दुष्कर्म की शिकायत भी दर्ज कराई है। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई जानकारी नहीं दी है। आरोपी को रविवार को पुरुलिया अदालत में पेश किया गया। बलरामपुर पुलिस ने 10 दिन की पुलिस हिरासत मांगी थी, लेकिन अदालत ने आरोपी को नौ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी से हिरासत में पूछताछ की जाएगी।

पिता ने कहा- हत्या में और लोग भी शामिल हो सकते हैं

मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या में अमित के अलावा कई और लोग शामिल हो सकते हैं। उन्होंने घटना की पूरी और निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए सभी दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की। मृतका के पिता ने बताया कि उनकी बेटी पुरुलिया शहर के एक मेस में रहती थी और नर्सिंग की कोचिंग कर रही थी।

शनिवार दोपहर खाना खाने के बाद वह कोचिंग के लिए निकली थी। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर परिवार के लोग पुरुलिया पहुंचे, जहां उन्हें पुलिस से उसकी मौत की जानकारी मिली। पिता ने कहा कि उन्हें आशंका है कि उनकी बेटी को किसी ने सुनसान जगह पर बुलाया होगा। उन्होंने घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान कर कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।

Updated on:
13 Sept 2026 09:06 pm
Published on:
13 Sept 2026 09:05 pm