12 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Nagpur Murder: 2019 में बेटे की मौत, बहू पर जादू-टोने का शक, सुलग रहा था गुस्सा, आखिरकार ससुर ने किया हमला

Black Magic: नागपुर में जादू-टोने के शक में 70 वर्षीय ससुर ने बहू की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। बेटे की मौत के बाद से उसे बहू पर जादू-टोना करने का संदेह था।
2 min read
Google source verification
Nagpur Murder

प्रतीकात्मक तस्वीर

नागपुर। बेटे की मौत का जिम्मेदार बहू को मानकर उसके जादू-टोना करने का शक 70 वर्षीय ससुर के मन में इस कदर गहरा गया कि उसने खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया। शनिवार को इसी शक को लेकर विवाद हुआ तो गुस्से में ससुर ने घर के पीछे कपड़े धो रही बहू के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हत्या के बाद पकड़े जाने और सजा के डर से आरोपी ससुर ने घर के पीछे बने कुएं में छलांग लगा दी।

आरोपी अस्पताल में भर्ती

हालांकि आसपास के लोगों ने उसे बाहर निकाल लिया। गंभीर हालत में उसे मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना नागपुर के यशोधरानगर थाना क्षेत्र के पाहुणे ले-आउट, पिवली नदी इलाके की है। मृतका की पहचान लक्ष्मी रविशंकर पाली (42) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी ससुर नाथूलाल भगवान पाली (70) को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के अनुसार नाथूलाल के बेटे रविशंकर की वर्ष 2019 में मौत हो गई थी। इसके बाद से नाथूलाल को लगातार शक था कि उसकी बहू लक्ष्मी ने जादू-टोना किया था, जिसके कारण उसके बेटे की मौत हुई थी।

पहले भी कई बार हुआ विवाद

उसे यह भी संदेह था कि बहू के जादू-टोने के कारण परिवार के किसी न किसी सदस्य की तबीयत खराब रहती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। शनिवार को दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई। घटना के समय लक्ष्मी की बेटी नौकरी के लिए बाहर गई थी, जबकि उसका बेटा भी घर पर नहीं था। घर में किसी के नहीं होने का फायदा उठाकर नाथूलाल ने लक्ष्मी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सिर पर कई वार होने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम

वारदात के बाद आरोपी ने घर के पीछे बने कुएं में छलांग लगा दी। आसपास के लोगों ने उसे बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। यशोधरानगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कुल्हाड़ी जब्त कर ली। घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए गए हैं। फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की। लक्ष्मी के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की हालत में सुधार के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। प्रारंभिक जांच में जादू-टोने का शक हत्या की वजह सामने आया है।