कोंडागांव

फरसगांव में मूसलाधार बारिश का असर! सड़क-पुल बहने से दर्जनों गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूटा

Chhattisgarh Rain: कोंडागांव के फरसगांव क्षेत्र में लगातार दो दिनों की भारी बारिश से छिंदली-बड़ेडोंगर मार्ग का हिस्सा बह गया और सदाड़ी गांव की पुलिया ढह गई।
2 min read
Bridge Collapse
कोंडागांव में पुल टूटने से गांवों का संपर्क प्रभावित (photo source- Patrika)

Bridge Collapse: लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने कोंडागांव जिले के फरसगांव क्षेत्र में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। भारी बारिश के चलते कई ग्रामीण इलाकों में सड़क और पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे दर्जनों गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से टूट गया है। आवागमन बाधित होने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सबसे अधिक नुकसान छिंदली से बड़ेडोंगर जाने वाले मुख्य मार्ग पर हुआ है, जहां तेज बहाव के कारण सड़क का करीब पांच मीटर हिस्सा बह गया। वहीं सदाड़ी गांव की पुलिया भी पानी के तेज बहाव में ढह गई, जिससे आसपास के कई गांवों का संपर्क पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

Chhattisgarh Heavy Rain: जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए करना पड़ रहा लंबा सफर

सड़क और पुलिया टूटने के बाद ग्रामीणों को अब जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। कई जगहों पर लोग जान जोखिम में डालकर उफनते नालों और क्षतिग्रस्त रास्तों को पार करने के लिए मजबूर हैं। इससे सबसे अधिक परेशानी मरीजों, स्कूली बच्चों और रोजाना आवाजाही करने वाले लोगों को हो रही है।

फसलों को भी भारी नुकसान

बारिश का असर केवल सड़क संपर्क तक सीमित नहीं है। लगातार हो रही बारिश से खेतों में खड़ी फसलें भी जलभराव और तेज बहाव की चपेट में आ गई हैं। किसानों का कहना है कि उनकी मेहनत पर पानी फिर गया है और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों ने सरकार और प्रशासन से फसल नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति को कुछ राहत मिल सके।

Kondagaon Rain News: शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित

ग्रामीणों का कहना है कि क्षतिग्रस्त सड़क और पुल क्षेत्र की जीवनरेखा थे। इनके टूटने से केवल आवागमन ही नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हो गई हैं। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बन गया है।

प्रशासन से वैकल्पिक मार्ग और पुनर्निर्माण की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि लोगों की आवाजाही सुचारु हो सके। साथ ही उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़क और पुलिया का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की भी मांग उठाई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द राहत और मरम्मत कार्य शुरू करेगा, जिससे सामान्य आवागमन बहाल हो सके और लोगों को राहत मिले। फिलहाल क्षेत्र में बारिश का असर बना हुआ है और लोग स्थिति सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।

Updated on:
01 Aug 2026 12:01 pm
Published on:
01 Aug 2026 12:01 pm