
अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट (photo source- Patrika)
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी और आसपास बने गहरे अवदाब (डीप डिप्रेशन) के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक राज्य के कई जिलों में भारी से अतिभारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर तटीय ओडिशा और उससे लगे गंगेटिक पश्चिम बंगाल के ऊपर बना गहरा अवदाब उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। अगले 24 घंटे में इसके उत्तर ओडिशा, दक्षिण झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ तक पहुंचने की संभावना है।
इसके साथ ही मानसून द्रोणिका (Monsoon Trough) अनूपगढ़, पिलानी, हमीरपुर, डाल्टनगंज, गहरे अवदाब के केंद्र से होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। यही सिस्टम प्रदेश में लगातार बारिश की मुख्य वजह बना हुआ है।
बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। सबसे अधिक वर्षा चांपा में 11 सेंटीमीटर दर्ज की गई।
इसके अलावा
जांजगीर – 9 सेमी
अकलतरा – 9 सेमी
नगरी – 8 सेमी
मैनपुर – 8 सेमी
गुरूर – 8 सेमी
राधम – 8 सेमी
पिथौरा – 8 सेमी
राजधानी रायपुर में भी करीब 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया।
मौसम विभाग का कहना है कि रायपुर में दिनभर आसमान मेघमय रहेगा। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। संभावित तापमान- अधिकतम तापमान: 27 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान: 23 डिग्री सेल्सियस। बारिश के दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।
अगले 24 घंटों के दौरान महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, बेमेतरा और मुंगेली जिलों में मेघ गर्जन, आकाशीय बिजली और 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, रायपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, कबीरधाम, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई है।
लगातार बारिश के बावजूद प्रदेश में अब तक हुई कुल मौसमी वर्षा सामान्य से 18 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून अभी सक्रिय है और आने वाले दिनों में बारिश की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है।
बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
प्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम के ऐसे ही बने रहने के संकेत हैं। ऐसे में प्रशासन भी संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर है।
Updated on:
29 Jul 2026 10:32 am
Published on:
29 Jul 2026 10:23 am
