
Chhattisgarh Naxal News: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आत्मसमर्पित नक्सलियों की निशानदेही पर पुलिस ने पुगारपाल थाना क्षेत्र के बेड़मा जंगल में माओवादियों का डंप बरामद किया है। यहां से कोडेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर, जिलेटिन रॉड, बैटरी और छोटा टिफिन बम सहित करीब 36 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री जब्त की गई है। एसपी पंकज चंद्रा के अनुसार, यह कार्रवाई बस्तर फाइटर और बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस के मुताबिक, आत्मसमर्पित नक्सलियों ने जंगल में विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखे जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद कोंडागांव पुलिस की टीम ने सूचना के आधार पर संबंधित इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान बेड़मा के जंगल में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखी गई सामग्री बरामद की गई।
पुलिस ने डंप से कोडेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर, जिलेटिन रॉड, बैटरी और छोटा टिफिन बम सहित करीब 36 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री बरामद की है। इसके अलावा बड़ी मात्रा में अन्य नक्सली सामग्री भी मिली है।
इस कार्रवाई में कोंडागांव पुलिस के साथ बस्तर फाइटर और बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) की संयुक्त टीम शामिल रही। एसपी पंकज चंद्रा ने बरामदगी की जानकारी देते हुए इसे पुलिस की बड़ी सफलता बताया। पुलिस की ओर से इलाके में नक्सल विरोधी अभियान जारी है।