यात्री बस ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश में बेकाबू
दुर्घटना सोमवार दोपहर लगभग दो बजे हुई। अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर गुप्ता सर्विस की बस सीजी 15 एबी 2500 रायपुर जा रही थी। कटघोरा बायपास मार्ग पर आगे आगे जा रही एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश में बस बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई। बस में अफरा तफरी मच गई। यात्री चीखने चिल्लाने लगे।
बस में सुरक्षित बचे यात्रियों ने घायलों को बाहर निकाला। राहगिरों की मदद से घायलों को कटघोरा अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद घायलों को अस्पताल से छुट्टी दी गई। बस दुर्घटना में लगभग आधा दर्जन यात्रियों को चोटें आई है। बताया जाता है कि घटना के समय बस यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी। बस के बेकाबू होते ही चालक कूद कर फरार हो गया। बस पलट गई। घटना की सूचना पर कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में पुलिस ने घटना का प्रारंभिक कारण बस की रफ्तार अधिक होना बताया है। दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्तकर चालक की तलाश कर रही है।
कटघोरा बायपास पर पत्थर रख पैरा से ढका, दो गिरफ्तार
इधर, पुलिस ने कटघोरा बायपास मार्ग को अवरुद्ध करने के आरोप में दो युवकों को पकड़ा है। पुलिस ने बताया कि रविवार रात लगभग 10 से 11 बजे के बीच दो युवकों ने बायपास मार्ग पर पत्थर के कुछ टुकड़े रख दिए थे। इसे पैरा से ढ़क दिया था। रात में बायपास पर अंधेरा होने से दूर से पत्थर नजर नहीं आ रहा था। कई गाडिय़ां दुर्घटनाग्रस्त होते होते बची।
यातायात बाधित हो रही थी। वाहन चालकों ने घटना की जानकारी बायपास पर ढाबा लगाने वाले महेश राम यादव को दी। उसने टार्च जलाकर देखा तो पैरा के नीचे बड़े बड़े पत्थर के टुकड़े थे। महेश ने घटना की सूचना कटघोरा थाना को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। दो युवकों को पकड़ लिया।
इसमें अजय कुमार बिंझवार एवं सुरजीत कुमार शामिल हैं। दोनों के खिलाफ पुलिस ने रास्ता रोकने का केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी पुलिस को देखकर भाग रहे थे। तभी पुलिस ने दौराकर पकड़ लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है।