कोरबा

इस नाम का राज मिस्त्री उतरा चुनाव में, खाते में हैं 143 रुपए, भाजपा की बढ़ी टेंशन

- भाजपा ने लगाया कांग्रेस पर आरोप, कांग्रेस बोली परेशान भाजपा कुछ भी बोलती है

2 min read
Nov 04, 2018
इस नाम का राज मिस्त्री उतरा चुनाव में, खाते में हैं 143 रुपए, भाजपा की बढ़ी टेंशन

कोरबा. नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कोरबा विधानसभा में उम्मीदवारों की तस्वीर स्पष्ट होने लगी है। नामांकन वापसी से पहले २३ उम्मीदवार मैदान में है, लेकिन दो नामों की चर्चा जोरों पर है। इसमें भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी विकास महतो और नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) उम्मीदवार विकास कुमार महतो हैं। ऐसे में भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस से वोटरों को भ्रमित करने के लिए चाल चली है तो कांग्रेस भी ईंट का जवाब पत्थर से देती नजर आ रही है। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा के लोग परेशान हैं कुछ भी बोल रहे हैं। दूसरी ओर संभावित परेशानी को भांपते हुए भाजपा ने डेमेज कंट्रोल की तैयारी चालू कर दी है। मतदाता को भाजपा प्रत्याशी विकास महतो और उनके चुनाव चिन्ह की जानकारी दी जा रही है।

कौन है विकास कुमार महतो
विकास कुमार महतो बिहार के लखीसराय जिले के गांव एंजनिघाट का निवासी है। पांचवी पास विकास खुद को किराए की मकान नंबर ६४६, बायपास रोड कोरबा निवासी बताता है। रोजी पर टाइल्स लगाने का काम करता है। कोरबा में उसकी कोई जमीन जायजाद नहीं है। स्टेट बैंक की खाते में १४३ रुपए है। जबकि विकास के चुनावी खाते में १० हजार रुपए है। राज मिस्त्री का काम करने के लिए उसके पास एक सेकेंड हैंड बाइक है।

की गई थी आपत्ति
राजमिस्त्री विकास कुमार महतो ने एनसीपी से बी- फार्म जमा किया है। भाजपा प्रत्याशी विकास महतो ने विकास कुमार महतो के नामांकन और सौंपे गए दस्तावेज को कूटरचित बताते हुए रिटर्निंग ऑफिसर मोहम्मद कैसर अब्दुल हक के कोर्ट में चुनौती दी थी। अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता शिव नारायण सोनी की दलील थी कि विकास कुमार महतो का नाम मुड़ापार कोरबा के अलावा लखीसराय के एंजनिघाट के निर्वाचन नमावली में है। एक व्यक्ति का नाम दो स्थान की नमावली में शामिल है। अधिवक्ता ने रिटर्निंग ऑफिसर को बहस के दौरान एनसीपी के प्रदेशाध्यक्ष जग्गी के हस्ताक्षर से जारी एक पत्र भी सौंपा। इसमें अध्यक्ष जग्गी ने हवाला दिया था कि विकास कुमार महतो ने एनसीपी की प्राथमिक सदस्यता नहीं ली है। पार्टी ने विकास कुमार महतो के नाम से कोई बी-फार्म जारी नहीं किया है। बहस के दौरान रिटर्निंग आफिसर ने अधिवक्ता से पत्र की मूल प्रति मांगा। लेकिन अधिवक्ता ने पत्र की फोटो कॉपी प्रस्तुत किया। इसे रिटर्निंग ऑफिसर ने नामंजूर कर दिया और आपत्ति खारिज कर दी।

लगा दी वकीलों की लाइन
इस मामले में यह देखा गया कि जब राजमिस्त्री से दावेदार बने विकास कुमार महतो के विषय में आपत्ति लगाई गई तो उसकी ओर से वकीलों की लाइन लग गई थी। हाईकोर्ट के वकील यहां पहुंचे थे, जांजगीर के वकील यहां पहुंचे थे। वहीं आपत्तिकर्ता की ओर से शिवनाराण सोनी व अंशुल तिवारी उपस्थित थे। इस मामले में प्रत्याशी विकास कुमार महतो के दो मजदूर मित्र मुदगल और दिनेश विकास के चुनाव लडऩे की खबर से हैरान थे उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा था।

-मतदाताओं को भ्रमित करने के लिए कांग्रेस ने साजिश रची है। मकसद वोट को प्रभावित करना है। भाजपा प्रत्याशी की मजबूत दावेदारी से कांग्रेस डर गई है। अशोक चावलानी- जिलाध्यक्ष, भाजपा

-लोकतंत्र में सभी को चुनाव लडऩे का अधिकार है। विकास कुमार महतो कौन है, यह एनसीपी ही बता सकती है। भाजपा कांग्रेस प्रत्याशी की मजबूत स्थिति से परेशान है। झूठा आरोप लगा रही है। राजकिशोर प्रसाद ,जिलाध्यक्ष कांग्रेस

ये भी पढ़ें

सांस्कृतिक कार्यक्रम की अनुमति लेकर भाजपा करा रही थी गम्मत, निर्वाचन टीम ने दी दबिश
Updated on:
05 Nov 2018 10:47 pm
Published on:
04 Nov 2018 08:25 pm
Also Read
View All