- पाली-तानाखार में बसपा की ओर से अशोक मरावी, राज मरकाम, शिव शरण सिंह पोर्ते व तुल सिंह पैंकरा दावेदारी कर रहे हैं।
कोरबा. जनता कांग्रेस से गठबंधन के बाद बसपा को जिले की चार में से केवल एक ही विधानसभा सीट पाली-तानाखार मिली थी। अब चर्चा यह है कि यहां से भी जनता कांग्रेस के प्रत्याशी को ही मैदान में उतारा जाएगा। जिसका बसपा के कार्यकर्ता समर्थन करेंगे। बकायदा इस बात के संकेत बसपा के ही पदाधिकारी दे रहे हैं। जिसमें उनका कहना है कि कोई मजबूत प्रत्याशी मिला तो उनकी पार्टी जकांछ का समर्थन कर सकती है। हालांकि अभी इसका रोडमैप तय नहीं हो सका है।
पूर्व में लगातार तीन बार कांग्रेस की टिकट से विधायक निर्वाचित होने वाले रामदयाल उईके के भाजपा प्रवेश के बाद पाली-तानाखार में सियासत अपने पूरे उफान पर है। यहां रोज नए समीकरण जन्म ले रहे हैं। पाली-तानाखार में बसपा की ओर से अशोक मरावी, राज मरकाम, शिव शरण सिंह पोर्ते व तुल सिंह पैंकरा दावेदारी कर रहे हैं। जबकि जनता कांग्रेस से मोहित केरकेट्टा सहित अन्य का नाम सामने आ रहा है। हालांकि टिकट को लेकर अभी सस्पेंस बना हुआ है। इसलिए स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट नहीं है।
वोट फीसदी ज्यादा नहीं
जनता कांग्रेस जहां पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रही है, वहीं बसपा की स्थिति भीं जिले में ज्यादा बेहतर नहीं है। विधानसभा चुनाव २०१३ में बसपा ने चारों विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे। लेकिन किसी भी सीट पर उनके प्रत्याशियों को कुल मतों की तुलना में २.६२ प्रतिशत से अधिक वोट नहीं मिले थे।
-गठबंधन के बाद बसपा की ओर से कई चेहरे पाली-तानाखार में सामने आए हैं। ऐसी भी संभावना है कि यहां जनता कांग्रेस का कोई मजबूत प्रत्याशी मिला तो बसपा उसका समर्थन करेगी- फूलचंद सोनवानी, जिलाध्यक्ष बसपा, कोरबा