- भाजपा 75 फीसदी हिस्सों में काबिज है, रमन ने कहा कि इसके लिए कांग्रेस की नीति जिम्मेदार है
कोरबा. चुनाव की तिथि की घोषणा होने के बाद पहली बार बांकीमोंगरा पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस की दुर्दशा के लिए पार्टी की नीति, रीति व नेताओं को जिम्मेदार ठहराया है। कहा है कि कांग्रेसी सत्ता पाने के लिए मछली की तरह तड़प रहे हैं। जनता से कुछ भी वादा किये जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह मंगलवार को कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के बांकीमोंगरा स्थित गजरा ग्राउंड में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कटघोरा से भाजपा प्रत्याशी लखनलाल देवांगन के लिए सहयोग मांगा। पार्टी प्रत्याशी को विधायक बनाने के लिए कमल पर वोट डालने के लिए कहा। डॉ. रमन ने कहा कि 50 से 60 साल तक कांग्रेस शासन में रही। आज काग्रेस देश के छह फीसदी हिस्सों में सिमट कर रह गई है। भाजपा 75 फीसदी हिस्सों में काबिज है। रमन ने कहा कि इसके लिए कांग्रेस की नीति जिम्मेदार है।
उन्होंने मंच से कहा कि कांग्रेस के पास न नेता, न नीयत न नीति है। सत्ता पाने के लिए पार्टी कुछ भी वादा कर रही है। कांग्रेसी मछली की तरह छटपटा रहे हैं। प्रदेश में भी उसने तीन साल शासन किया। गरीबी हटाओ का नारा दिया लेकिन गरीब और गरीब हो गए। पार्टी ने गरीबों की चिंता नहीं की। 11 साल से छत्तीसगढ़ के लोगों को भाजपा की सरकार एक रूपए में चावल दे रही है, अब गरीबों की याद कांग्रेस को आयी है। वह भी एक रूपए में चावल देने की बात कह रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने एक रुपए चावल वोट के लिए नहीं दिया बल्कि कोई गरीब भूखा न सोए इसलिए दिया।
उन्होंने गजरा के चुनावी मंच से लोगों को लुभाने की भी कोशिश की। कहा कि चौथी बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। इस बार हेल्थ स्मार्ट कार्ड से होने वाली 50 हजार रुपए के इलाज को बढ़ाकर एक लाख रुपए तक कर दी जाएगी। गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों की चिंता करते हुए केंद्र सरकार ने आयुष्मान भारत योजना लागू की है। इसका छत्तीसगढ़ में क्रियान्वयन किया जा रहा है।
पांच लाख रुपए तक का इलाज बीपीएल परिवारों को मिलेगा। साथ ही 2022 तक प्रदेश में रहने वाले 11 लाख लोगों को आवास उपलब्ध कराया जाएगा। कोई पारा, टोला बिजली विहीन न रहे इसकी योजना पर कार्य चल रहा है। चुनावी सभा को कटघोरा के विधायक व भाजपा प्रत्याशी लखनलाल देवांगन ने भी संबोधित किया। उन्होंने दूसरी बार विधायक बनाने के लिए लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि पहले कार्यकाल में जो समस्याएं रह गई है, उसका निराकरण दूसरे कार्यकाल में करेेंगे। कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक चावलानी, बुगल दुबे, ज्योतिनंद दुबे, सतीश झा, द्वारिका शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता व स्थानीय लोग उपस्थित थे।