
कोरबा. मतदान के एक दिन पहले देवउठनी एकादशी विवाह के लिए शुभ मुहूर्त था। सीएसईबी निवासी सरगम पटेल की शादी बलगी निवासी विमलेश से हुई थी। विदाई 20 की सुबह हुई ससुराल से मायके की दूरी महज 5.7 किलोमीटर है। ससुराल में मतदान वाले दिन नई बहू के स्वागत में रस्में शुरू हुई। इसी बीच मतदान की शुरुआत भी हो चुकी थी। दुल्हन को भी वोट डालना था सो दुल्हन के आग्रह पर ससुराल पक्ष वालों ने रस्मों के बीच में ही रोककर दुल्हन को उसके मायके सीएसईबी कॉलोनी लाया गया, जहां कोरबा विधानसभा के मतदान केंद्र क्रमांक 30 शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला विद्युत गृह में मतदान चल रहा था।
इसी बीच नई नवेली दुल्हन सोलह श्रृंगार किए हुए व शादी का लाल जोड़ा पहने जब मतदान करने पहुचीं। तब वहां खड़े लोग भी देखते रह गए। मतदान दल ने भी पूरा सहयोग किया और नई नवेली दुल्हन ने अपना वोट डाला, फिर बूथ के बाहर बनाए गए सेल्फी जोन में फोटो खिंचवाई और वापस अपने ससुराल लौट गई जहां अधूरी रस्में पूरी की गई।