कोरबा

Crime News: सत्ता की हनक? पूर्व गृहमंत्री के बेटे ने कार से ठेले को मारी टक्कर, बुजुर्ग से मारपीट का आरोप, थाने में भी किया हंगामा

Crime News: पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के बेटे संदीप कंवर पर कार से ठेले को टक्कर मारने और विरोध करने पर बुजुर्ग ठेला संचालक से मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पुलिस आरोपी को थाने लेकर आई, लेकिन वहां भी उसने हंगामा किया और अपनी कार लेकर चला गया।
2 min read
Mar 12, 2026
पूर्व गृहमंत्री के बेटे पर गुंडागर्दी का आरोप (फोटो सोर्स- पत्रिका)
पूर्व गृहमंत्री के बेटे पर गुंडागर्दी का आरोप (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Crime News: कोरबा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत इतवारी बाजार मार्ग पर पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के बेटे संदीप कंवर की कार ने एक ठेला को टक्कर मार दी। वहीं आरोप है कि इस घटना को लेकर ऐतराज जताने पर संदीप कंवर ने ठेला संचालक बुजुर्ग अजीन कुरैशी की पिटाई कर दी। जब पुलिस उसे थाना लेकर गई तो वहां भी हंगामा किया और अपनी कार लेकर चला गया।

बताया जा रहा है कि जिस समय यह घटना हुई उस दौरान संदीप कंवर नशे की हालत में था। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। घटना की शिकायत कोतवाली थाना में की गई है।

जानें पूरा मामला

बुधवार को कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराना बस स्टैंड के पास यह घटना हुई। संदीप कंवर की कार (स्वीफ्ट डिजायर) से एक ठेला को टक्कर लग गई, जिससे ठेला संचालक को नुकसान हो गया। इसको लेकर संचालक अजीन कुरैशी ने जब संदीप कंवर से ऐतराज जताया तो मौके पर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई और संदीप कंवर ने ठेला संचालक की पिटाई भी कर दी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कार सहित संदीप कंवर को थाने लेकर आई, जहां दूसरा पक्ष भी मौज़ूद था। वहीं इस बीच संदीप कंवर के कुछ समर्थक भी कोतवाली पहुंच गए। बताया जा रहा है कि यहां भी पुलिस कर्मियों के सामने संदीप कंवर ने हंगामा किया।

कार्रवाई चल ही रही थी, इस बीच संदीप कंवर ने पुलिस के पास से अपने वाहन की चाबी ली और थाने से चले गए। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी बेबस नजर आए। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग अजीम कुरैशी की पुत्री भी पुलिस विभाग की कर्मी है। कोतवाली प्रभारी एमबी पटेल के अनुसार मामले में आरोपी संदीप कंवर पिता ननकीराम कंवर के खिलाफ दुर्घटनाकारित करने, मारपीट एवं मोटरव्हिकल एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। मामले की जांच चल रही है।

अज़ीन कुरैशी की तरफ से शिकायत मिली है, जिसमें उनकी दुकान को एक व्यक्ति द्वारा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए दुर्घटना को अंजाम दिया गया है। पीड़ित ने मारपीट की भी शिकायत की है। आवेदन में जिस गाड़ी का उल्लेख है उसके सामने की तरफ प्लेट पर पूर्व विधायक रामपुर लिखा हुआ है। मामले की जांच कर आगे विधिवत कार्यवाही की जा रही है। - प्रतीक चतुर्वेदी, सीएसपी titals

Updated on:
12 Mar 2026 07:42 pm
Published on:
12 Mar 2026 07:41 pm