
कोरबा . आरटीई पोर्टल में वार्डों की सूची में गड़बड़ी सुधारने के लिए मुख्यालय ने मना कर दिया है। दरअसल एक जिले के लिए पूरे पोर्टल को बंद करना पड़ता है। आवेदन के लिए सिर्फ चार दिन ही शेष हैं। ऐसे में शहर के १६१ स्कूलों का वार्ड पोर्टल में पहले की तरह ही होगा। नि:शुल्क शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत एडमिशन के लिए ९ मई से २६ मई तक ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। पोर्टल में शिक्षा विभाग ने वार्डों की सूची पुरानी अपडेट कर दी। ६७ की बजाएं ५८ वार्डों के हिसाब से एडमिशन कराया जा रहा था।
१६ मई को विभाग ने इस बड़ी लापरवाही को दूर करने के लिए नगर निगम से वार्डों की नई सूची मंगाई। जिसके आधार पर १६१ स्कूलों का वार्ड बदलने के लिए लिस्ट तैयार की गई। जिसे मुख्यालय को भेजा गया। अब बताया जा रहा है कि मुख्यालय ने इसके लिए मना कर दिया। मुख्यालय का कहना है कि शिक्षा विभाग ने जो जानकारी भेजी थी उसके हिसाब से सूची तैयार हुई। अब अगर संशोधन करना है तो पूरे पोर्टल को बंद करना पड़ेगा। जिससे अन्य जिले के अभिभावक भी परेशान होंगे। कुल मिलाकर शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही शहर के अभिभावकों के लिए परेशानी बन चुकी है।
एक छात्र के लिए एक ही आवेदन, अभिभावक चिंता में
पोर्टल में एक छात्र के लिए एक बार ही आवेदन किया जा सकता है। ऐसे में अभिभावक चिंता में हैं। हालंाकि उनको आवेदन संशोधित करने के लिए विकल्प जरूर दिया गया है। लेकिन अभिभावक को यही समझ में नहीं आ रहा है कि आवेदन किस हिसाब से करें। शिक्षा विभाग द्वारा भी इसके लिए स्पष्ट नहीं किया जा रहा है।