कोरबा

चर्च में विवाद से गरमाया माहौल, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर कोरबा में चक्काजाम

Religious Dispute: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रजगामार चर्च में महिलाओं से हुज्जतबाजी और युवक की पिटाई के आरोप के बाद विवाद बढ़ गया। आक्रोशित लोगों ने कोरबा-रजगामार रोड पर चक्काजाम किया।
2 min read
• •
Updated: 8 Nov 2026, 3:35 PM IST
Church Controversy
छत्तीसगढ़ के चर्च में विवाद के बाद तनाव (Photo Source- Patrika)

Church Controversy: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चर्च के अंदर विवाद के बाद तनाव की स्थिति बन गई। रजगामार स्थित चर्च में कुछ लोगों के पहुंचने और महिलाओं के साथ हुज्जतबाजी करने का आरोप लगा है। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान एक युवक की पिटाई किए जाने की बात सामने आई है। घटना से नाराज मसीही समुदाय के लोग सड़क पर उतर आए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और कोरबा-रजगामार मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त कराया गया और सड़क पर आवागमन सामान्य हुआ।

Community Protest: चर्च में घुसने के बाद शुरू हुआ विवाद

पूरा मामला कोरबा जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, रजगामार स्थित चर्च में कुछ लोगों के पहुंचने के बाद विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि हिंदू संगठन से जुड़े कुछ लोग चर्च के अंदर पहुंचे और वहां मौजूद महिलाओं के साथ हुज्जतबाजी की। बताया जा रहा है कि इस दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ गई। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस घटना में एक युवक की जमकर पिटाई किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और मारपीट में कौन-कौन शामिल था, इसकी पूरी जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

युवक की पिटाई के बाद सड़क पर उतरे लोग

चर्च में हुए विवाद और युवक की पिटाई की खबर फैलते ही मसीही समुदाय के लोगों में नाराजगी बढ़ गई। बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होकर सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने घटना के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान लोगों ने नारेबाजी करते हुए धरना दिया और कोरबा-रजगामार रोड पर चक्काजाम कर दिया। सड़क पर प्रदर्शन के कारण काफी देर तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। दोनों तरफ वाहनों की कतार लगने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी, समझाइश के बाद खत्म हुआ चक्काजाम

घटना और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से बातचीत की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग रखी। पुलिस अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए लोगों को समझाइश दी। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल लोगों को समझाकर स्थिति को सामान्य कराया गया है।

Korba News: शिकायत के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

मामले में कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली है। उन्होंने कहा कि शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। चर्च में विवाद कैसे शुरू हुआ, महिलाओं के साथ हुज्जतबाजी के आरोप और युवक के साथ हुई मारपीट में किन लोगों की भूमिका रही, इन सभी पहलुओं पर जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

कुछ दिन पहले भी रजगामार में हुआ था विवाद

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी रजगामार क्षेत्र में धर्म परिवर्तन के आरोप को लेकर विवाद सामने आया था। उस समय भी पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था और इलाके में तनाव की स्थिति बन गई थी। अब चर्च में हुए ताजा विवाद और चक्काजाम की घटना के बाद एक बार फिर रजगामार क्षेत्र चर्चा में है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और जांच पर सभी की नजर बनी हुई है।

Updated on:
8 Nov 2026, 3:35 PM IST
Published on: