कोरबा

Chhattisgarh Snake Bite: पूजा घर में सो रहा था 3 साल का मासूम, जहरीले करैत ने डसा और हो गई मौत

Krait snake bite: कटघोरा में पूजा घर में सो रहे 3 साल के मासूम को जहरीले करैत सांप ने डस लिया। अस्पताल ले जाते समय बच्चे की मौत हो गई, सांप की तलाश जारी रही लेकिन वह नहीं मिला।
2 min read
Aug 05, 2026
Chhattisgarh Snake Bite
जहरीले करैत ने 3 साल के मासूम को डसा (photo AI image)

Snake Bite: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। कटघोरा की पुरानी बस्ती स्थित खालेपारा इलाके में रात के समय घर के पूजा कक्ष में सो रहे तीन वर्षीय मासूम की जहरीले करैत सांप के काटने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि सांप के काटने के बाद परिजन बच्चे को बचाने के लिए अस्पताल लेकर दौड़े, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी सांसें थम गईं।

पूजा घर में दादी और बहन के साथ सो रहा था मासूम

जानकारी के अनुसार, कटघोरा मुख्य बाजार के व्यापारी विजय राज का तीन वर्षीय बेटा वाशु राज मंगलवार रात अपने घर के पूजा कक्ष में दादी और बहन के साथ बिस्तर पर सो रहा था। देर रात एक जहरीला करैत सांप चुपचाप कमरे में घुस आया और बिस्तर पर सो रहे मासूम को डस लिया। सांप के काटते ही बच्चा जोर-जोर से रोने और चीखने लगा। आवाज सुनकर उसकी दादी की नींद खुली। उन्होंने देखा कि बिस्तर के पास एक बड़ा करैत सांप मौजूद था।

लाठी-डंडे लेकर सांप की तलाश शुरू

परिजनों ने तुरंत शोर मचाया और लाठी-डंडे लेकर सांप की तलाश शुरू कर दी। हालांकि, करैत अंधेरे का फायदा उठाकर घर के किसी कोने में छिप गया और फिर गायब हो गया। घटना की सूचना तत्काल स्नेक रेस्क्यू टीम को भी दी गई। टीम ने घर और आसपास काफी देर तक तलाश की, लेकिन जहरीला सांप नहीं मिला।

अस्पताल पहुंचने से पहले टूट गई सांस

सांप के काटने के तुरंत बाद परिजन बच्चे को लेकर कटघोरा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन करैत का जहर तेजी से शरीर में फैल चुका था। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में मासूम ने दम तोड़ दिया।

बरसात में बढ़ जाता है करैत का खतरा

विशेषज्ञों के अनुसार, बरसात के मौसम में करैत और अन्य जहरीले सांप अक्सर भोजन और सुरक्षित जगह की तलाश में घरों में घुस आते हैं। करैत रात में अधिक सक्रिय रहता है और सोते हुए लोगों को भी काट सकता है। इसका जहर अत्यंत घातक होता है, इसलिए काटने के बाद तत्काल अस्पताल पहुंचना बेहद जरूरी होता है।

ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बरसात के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विशेषज्ञों का कहना है कि रात में फर्श पर सोने से बचें, घर के आसपास साफ-सफाई रखें, दरवाजे-खिड़कियों के नीचे की दरारें बंद करें और सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने की कोशिश करने के बजाय तुरंत स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दें।

Updated on:
05 Aug 2026 07:17 pm
Published on:
05 Aug 2026 07:13 pm