1 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Atal Statue Controversy: कांसे की जगह पीतल-स्टील की प्रतिमा, जांच के बाद सब इंजीनियर निलंबित, ठेकेदार पर कार्रवाई की तैयारी

Atal Bihari Vajpayee Statue: कोरबा जिले के कटघोरा स्थित अटल परिसर में स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है।
3 min read
Google source verification
Katghora Atal Statue

अटल की प्रतिमा में बड़ा फर्जीवाड़ा! (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Korba Atal Statue Controversy: कोरबा जिले के नगर पालिका परिषद कटघोरा के अटल परिसर में स्थापित की गई पूर्व प्रधानमंत्री व भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा जांच में तय मानकों पर खरी नहीं उतरी है। प्रतिमा कांस्य की जगह पीतल की बनी है। इसमें तांबा के साथ जस्ता (जिंक) का मिश्रण होने का पता चला है। साथ ही स्टेंलेस स्टील भी मिला है।

जांच में इस खुलासे से कोरबा से लेकर रायपुर तक हडक़ंप मचा हुआ है। सरकार ने अटल परिसर के निर्माण से लेकर मूर्ति के स्थापित होने तक के कार्य की निगरानी करने वाले साइड के सब इंजीनियर चंद्र प्रकाश जायसवाल को निलंबित कर दिया है। आने वाले दिनों में ठेकेदार सहित कुछ और अधिकारियों पर कार्रवाई की तैयारी है। नगर पालिका परिषद कटघोरा की ओर से वार्ड क्रमांक-2 में अटल परिसर का निर्माण कराया गया है। परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा स्थापित की गई है।

इस कार्य पर करीब 30 लाख रुपए खर्च किए गए हैं। इसमें लगभग 13 लाख 60 हजार रुपए अटल की प्रतिमा लगाने के नाम पर खर्च होने का बिल दिया गया है। इसी साल कटघोरा में अटल जी की प्रतिमा का अनावरण किया गया है। लेकिन प्रतिमा की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रतिमा से पेंट उखड़ने लगी है। इसके अंदर की परत सफेद दिखाई दे रही है। इससे लग रहा है कि प्रतिमा कांस्य की नहीं है।

मामले के तूल पकड़ने पर नगरीय प्रशासन विभाग ने जांच कराई

इस मामले के तूल पकड़ने पर नगरीय प्रशासन विभाग ने जांच कराई है। दो दिन पहले विभाग की तीन सदस्यीय टीम कटघोरा पहुंची थी। टीम ने प्रतिमा से जांच के लिए सेंपल एकत्र किया। इसमें इंजीनियर अली बख्श भी शामिल थे, जो पूर्व में कोरबा नगर निगम में अपनी सेवा दे चुके हैं। टीम ने प्रतिमा की जांच को लेकर प्रारंभिक रिपोर्ट नगरीय प्रशासन विभाग को सौंप दी है।

रिपोर्ट में कुछ चौकाने वाली जानकारी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि प्रतिमा कांस्य की नहीं है, बल्कि पीतल से बनाई गई है। इसमें स्टेंलेस स्टील का भी मिश्रण है। यह मामला सामने आने के बाद प्रदेश सरकार ने कटघोरा नगर पालिका परिषद में तैनात सब इंजीनियर चंद्र प्रकाश जायसवाल को निलंबित कर दिया है।

युवा कांग्रेस ने दिया धरना

इस प्रतिमा को लेकर सियासी पारा भी चढ़ने लगा है। अटल परिसर में कांसे की प्रतिमा के बजाए पीतल और स्टेंलेस स्टील से बनी प्रतिमा स्थापित करने पर राजनीति शुरू हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, रणदीप सिंह सुरजेवाला और देवेंद्र यादव ने सोशल मीडिया के जरिए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। शाम होते होते युवा कांग्रेस ने अटल परिसर के सामने धरना देकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीण जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष विकास सिंह ने आरोप लगाया कि अटल जी जैसी महान विभूति की प्रतिमा के निर्माण में भारी अनियमितताएं और भ्रष्टाचार हुई हैं।

कटघोरा के स्थानीय ठेकेदार ने किया काम

उप अभियंता चंद्र प्रकाश जायसवाल का कहना है कि मूर्ति की स्थापना का कार्य ठेकेदार मनोज कुमार अग्रवाल ने कराई है। ठेकेदार ने गुणवत्ता परीक्षण कराना बताया था। इससे संबंधित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया था। मौके पर नगर पालिका के उप अभियंता एवं सीएमओ के द्वारा विजिट व परीक्षण भी किया गया था।