
Monsoon Update: कोरबा जिले में मानसून की सक्रियता एक बार फिर बढ़ गई है। रविवार को दोपहर बाद गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश शुरू हुई, जो देर रात तक जारी रही। पिछले 24 घंटे में जिले में औसतन 25.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। शाम के समय हुई तेज बारिश से शहर के कई मुख्य मार्गों पर जलजमाव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसका असर कोरबा जिले में भी देखने को मिल सकता है।
रविवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और हल्की रिमझिम बारिश हुई। दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और आसमान में घने बादल छा गए। शाम करीब साढ़े पांच बजे तेज बारिश शुरू हुई। बारिश का दौर देर रात तक जारी रहा।
तेज बारिश के कारण सर्वमंगला तिराहा से बरमपुर मार्ग, इमलीछापर, पावर हाउस रोड, नया बस स्टैंड मार्ग, टीपी नगर और सीतामढ़ी समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कुछ स्थानों पर घुटनों तक पानी भर गया। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को आवाजाही में परेशानी हुई। बारिश के दौरान लोग जरूरी काम होने पर छाता और रेनकोट लेकर ही घरों से बाहर निकले।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब दबाव वाले क्षेत्र में बदल गया है। इसके चलते मानसून फिर सक्रिय हुआ है। विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई है। कोरबा जिले में भी इस दौरान झमाझम बारिश होने का अनुमान है।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार रविवार को भैसमा तहसील क्षेत्र में 50 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद कोरबा में 49.3 मिमी, पाली में 40.5 मिमी और करतला में 37.3 मिमी बारिश हुई।
एक जून से रविवार तक की स्थिति के अनुसार अजगरबहार में औसत की तुलना में 75.7 प्रतिशत, हरदीबाजार में 82.3 प्रतिशत और कटघोरा में 88.3 प्रतिशत वर्षा दर्ज की गई है। ये तहसीलें अभी भी औसत वर्षा से पीछे हैं। इससे कृषि और जलस्रोतों पर असर पड़ने की आशंका बनी हुई है। वहीं करतला में 93.3 प्रतिशत और कोरबा में 95.2 प्रतिशत वर्षा दर्ज की गई है।