
मिनीमाता हसदेव बांगो बांध के कुल 9 गेट खोले गए ( Photo - Patrika )
Chhattisgarh Monsoon update: प्रदेश में मानसून की सक्रियता लगातार बनी हुई है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 30 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिनों तक प्रदेशभर में बारिश का सिलसिला जारी रहने और उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब और मजबूत हो गया है, जिसके अगले 24 घंटों में 'अवदाब' (डिप्रेसन) में बदलने की उम्मीद है।
बारिश के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। बीते 24 घंटों के दौरान भैसमा और लवन में 9-9 सेमी, ओडगी में 8 सेमी तथा कोटाडोल में 7 सेमी बारिश दर्ज की गई। वहीं सिमगा, बेरला और थानखमरिया में 6-6 सेमी बारिश हुई। रायपुर में भी बादलों का डेरा रहेगा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
कोरबा स्थित मिनीमाता बांगो बांध में जलस्तर 93.65 प्रतिशत तक पहुंच गया है। पानी की लगातार आवक को देखते हुए बांध के नौ गेटों को छह मीटर तक खोला गया है, जिससे 41 हजार क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके कारण हसदेव नदी उफान पर है और कोरबा की निचली बस्तियों में पानी भरने का खतरा बढ़ गया है।
पामगढ़ क्षेत्र के कोसीर-ढाबाडीह टांगर डेम के पास लीलागर नदी पर बने एनीकट को पार करते समय जेवरा निवासी रमा बाई (40) तेज बहाव में बह गई। वह पैदल अपने मायके जा रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अमला और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। देर शाम तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद महिला का कोई सुराग नहीं मिल सका। अंधेरा होने के कारण अभियान रोक दिया गया है, जिसे सोमवार सुबह दोबारा शुरू किया जाएगा। सुरक्षा के लिहाज से एनीकट पर बैरिकेडिंग कर आवागमन रोक दिया गया है।
स्टेशन- अधिकतम-न्यूनतम
माना एयरपोर्ट-26.9- 24.2
बिलासपुर-30.2-25.4
राजनांदगांव-26.5-22.0
अंबिकापुर-32.70-24.1
जगदलपुर- 29.1- 23.9
Updated on:
17 Aug 2026 10:45 am
Published on:
17 Aug 2026 10:45 am
