कोरबा

Road Accident: तेज रफ्तार फिर बनी हादसे की वजह! ट्रेलर की टक्कर से चालक की दर्दनाक मौत, आरोपी फरार

Road Accident: देर रात तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।

2 min read
Feb 21, 2026
तेज रफ्तार फिर बनी हादसे की वजह (photo source- Patrika)

Road Accident: शहर के मुड़ापार शारदा बाईपास पर शुक्रवार देर रात हुए एक भयानक सड़क हादसे में एक ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना सुबह करीब 2 बजे हुई जब एक तेज़ रफ़्तार ट्रेलर ने ड्राइवर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि ड्राइवर को संभलने का मौका भी नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद ट्रेलर ड्राइवर गाड़ी लेकर भाग गया, जिससे इलाके में अफ़रा-तफ़री मच गई।

ये भी पढ़ें

Raipur Accident: रायपुर में दर्दनाक हादसा, रोड पार कर रही महिला पत्रकार को ट्रेलर ने कुचला, चालक फरार

Road Accident: आरोपी के खिलाफ की जाएगी कानूनी कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक यह दुर्घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत मुड़ापार शारदा मोड़ के पास हुई। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई तथा पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।

मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि फरार ट्रेलर चालक की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। वाहन मालिक को भी सूचित कर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मामले की गहन जांच में जुटी पुलिस

Road Accident: गौरतलब है कि मुड़ापार शारदा बायपास पर भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर पहले भी कई बार चिंता जताई जा चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके से गुजरने वाले इस मार्ग पर तेज गति से दौड़ते भारी वाहन अक्सर हादसों का कारण बनते हैं। वार्ड क्रमांक 28 के पार्षद गोपाल कुर्रे ने भी पहले प्रशासन से यहां भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।

दुर्घटना के बाद क्षेत्र में गुस्से और दहशत का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के कड़े इंतजाम, स्पीड कंट्रोल उपाय और भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्त निगरानी की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में ऐसे हादसे फिर हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Published on:
21 Feb 2026 01:25 pm
Also Read
View All

अगली खबर