कोरबा

मसाहती ग्राम सर्वे पर प्रशासन सख्त, लापरवाही पर एक आरआई और 14 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी, जानें मामला

Korba News: मसाहती ग्रामों के सर्वेक्षण कार्य के संबंध में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी ने समीक्षा की। इस दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर एक आरआई और 14 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
less than 1 minute read
Mar 07, 2026
Teachers Notice Issued
19 शिक्षक-प्राचार्यों को नोटिस (फोटो सोर्स- पत्रिका)

CG News: मसाहती ग्रामों के सर्वेक्षण कार्य के संबंध में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी ने समीक्षा की। इस दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर एक आरआई और 14 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

शुक्रवार को विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी तरूण कुमार किरण (आईएएस) की अध्यक्षता में राजस्व निरीक्षकों एवं पटवारियों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर ओंकार यादव एवं प्रभारी अधिकारी भू-अभिलेख टीआर भारद्वाज भी उपस्थित रहे। बैठक में जिले में संचालित मसाहती सर्वेक्षण कार्यों सहित विभिन्न राजस्व संबंधी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिला कोरबा में चल रहे कुल 113 मसाहती ग्रामों की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को बताया गया कि इन 113 मसाहती ग्रामों में से 08 ग्रामों का अंतिम प्रकाशन तथा 12 ग्रामों का प्रारंभिक प्रकाशन किया जा चुका है, जबकि शेष ग्रामों में मसाहती सर्वे का कार्य प्रगति पर है। समीक्षा के दौरान उपस्थित राजस्व निरीक्षकों एवं हल्का पटवारियों को ग्रामवार खसरों का सत्यापन, प्रारंभिक प्रकाशन एवं (CG News) अंतिम प्रकाशन की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने तथा राजस्व अभिलेखों की स्वच्छ प्रति तैयार करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि मसाहती ग्रामों के सर्वेक्षण कार्य की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा कलेक्टर की ओर से की जाएगी। सर्वेक्षण कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर एक राजस्व निरीक्षक तथा 14 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस (एससीएन) जारी किया गया है।

इन कार्यों की समीक्षा

बैठक में इसके अतिरिक्त डीसीएस के अंतर्गत रबी फसल सर्वेक्षण, सातवीं लघु सिंचाई संगणना, डिजिटल किसान किताब, सीमांकन कार्यों की प्रगति, वन अधिकार अधिनियम के तहत पट्टा नामांतरण, स्वामित्व योजना, नक्शा बटांकन एवं नवीनीकरण से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई तथा सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

Published on:
07 Mar 2026 08:04 pm