- तीनों आरोपी जेल भेजे गए
कोरबा. परिवार के साथ दशहरा देखकर घर लौट रही किशोरी रास्ते में छेडख़ानी का शिकारा हो गई। विरोध करने पर रास्ता रोककर युवकों ने मारपीट की। पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। रजगामार चौकी प्रभारी देवेन्द्र बघेल ने बताया कि विजयादशमी की रात करीब १० बजे एक किशोरी अपनी मां और भाई के साथ दशहरा देखने बुंदेली गई थी। किशोरी बाजार में कुछ सामान खरीद रही थी। भीड़ के बीच युवक ने किशोरी से छेडख़ानी की।
किशोरी ने विरोध किया। मां और भाई को जानकारी दी। मना करने पर युवकों ने किशोरी के भाई की दशहरा में पिटाई कर दी। किशोरी ने शिकायत नहीं की। किशोरी परिवार के साथ घर लौट रही थी। इसबीच देवेन्द्र खुंटे ने दो अन्य युवकों के साथ मिलकर रास्ते में किशोरी पर फब्तियां कसने लगे। इसका किशोरी और उसके भाई ने विरोध किया। तीनों युवक उग्र हो गए।
उन्होंने किशोरी को पकड़ लिया। उसके भाई और मां से भी मारपीट की। किशोरी के परिवार ने छेडख़ानी और रास्ता रोककर मारपीट की रिपोर्ट रजगामार चौकी में दर्ज कराई है। इसमें देवेन्द्र खूंटे उम्र २१ साल और उसके साथी सत्येन्द्र 21 और नत्थू कंवर को नामजद आरोपी बनाया गया है। परिवार की रिपोर्ट पर पुलिस केस दर्जकर छानबीन कर रही है। आरोपियों के खिलाफ धारा 354 (छेडख़ानी), 294 (गाली गलौच), 506 बी (धमकी), 323/ 34 (मारपीट) लैंगिक अपराध से बालको का संरक्षण अधिनियम की धारा आठ के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से जेल भेज दिया गया।
छेडख़ानी की एक अन्य घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई। दशहरा देखकर घर लौट रही युवती छेड़छाड़ की शिकार हो गई। बताया जाता है कि युवती रायगढ़ जिले की निवासी है। कोरबा में रहने वाले मामा के घर दशहरा देखने पहुंची थी। कोरबा बस स्टैंड में रावण दहन देखकर घर लौट रही थी। रास्ते में छेडख़ानी का शिकार हो गई। युवती की रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोपी की तलाश कर रही है।