
Elephant Attack: कोरबा वनमंडल अंतर्गत करतला रेंज में मानव-हाथी के द्वंद्व लगातार जारी है। ग्राम पंचायत बोतली में एक युवक की हाथी के हमले में मृत्यु हो गई है। वह अपने खेत के फसल की रखवाली के लिए जा रहा था। तभी आमाबाड़ी के समीप एक दंतैल हाथी अचानक उसके सामने आ गया। युवक ने बचने का प्रयास किया, लेकिन हाथी ने उसे अपने पैरों तले कुचल दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बोतली के गांव घिनारा के निवासी 36 वर्षीय शिव नारायण कंवर पिता बंकट सिंह कंवर रात के लगभग एक बजे खेत की ओर जा रहा था। रास्ते में उसका सामना एक हाथी से हो गया। अचानक हुए हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों ने वन विभाग को अवगत कराया। इसके बाद विभागीय अधिकारी और कर्मचारी घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने पंचनामा कार्यवाही पश्चात शव को पोस्टमार्टम के लिए चिकित्सालय में भिजवाया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मृतक के परिवार को तत्कालिक सहायता के रूप में 25 हजार रुपए प्रदान किया गया है। विभागीय प्रावधानों के अनुसार हाथी हमले में जनहानी होने पर 6 लाख रुपए मुआवजा मृतक के परिजनों को प्रदान किया जाता है। तात्कालिक सहायता राशि के तौर पर 25 हजार रुपए प्रदान किया गया है, औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शेष 5 लाख 75 हजार रुपए भी जल्द ही परिजनों को दिए जाएंगे।
करतला रेंज में पिछले सप्ताह से 39 हाथियों का दल लगातार विचरण कर रहा है। यह दल गांव पीड़िया और आसपास के क्षेत्रों में फसलों को नुकसान पहुंचा रहा था। एक दिन पहले यह दल आगे बढ़कर बोतली के जंगल की ओर चला गया। इसी दौरान दल से अलग हुआ एक हाथी ग्राम के पास पहुंचा और यह हादसा घटित हो गया। करतला रेंज में एक माह के भीतर हाथी के हमले से यह दूसरी मौत है। इससे पहले रामपुर सर्किल में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति की भी हाथी के हमले में मौत हो चुकी है।