
कोरबा. आधी रात चोरी की नीयत से महिला के घर घुसे चोर को लोगों ने पकड़ लिया। उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने चोरी की कोशिश के आरोप में युवक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना कुसमुंडा थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने बताया कि उषा चौहान विकास नगर कुसमुंडा शिव मंदिर के पास रहती है। घरेलू काम करते जीवन यापन करती है।
गुरुवार की रात महिला घर में अकेली सोई थी। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। रात करीब ३.३० से चार बजे के बीच महिला की नींद खुली। उसके मकान में किसी व्यक्ति के चलने की आवाज आई। महिला उठकर देखी तो एक व्यक्ति दिखाई दिया। महिला डर गई। वह जोर जोर से चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाले महिला के रिश्तेदार पहुंचे।
उन्होंने युवक को पकड़ लिया, उसके साथ सख्ती बरती। घटना की सूचना पुलिस को दी। युवक सेंधमारी कर मकान के अंदर घुसा था। ११२ की टीम घटना स्थल पर पहुंची। लोगों ने युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम सुरेश कुमार साहू निवासी सुराकछार बताया है। सुरेश के खिलाफ पुलिस ने चोरी की नीयत से घर में घुसने का केस दर्ज किया है, उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। मजिस्ट्रेट के आदेश पर जेल भेज दिया।