विपक्षी भी गुरूवार को एक मंच पर आए और एआरएम कार्यालय का घेराव
कोरबा . कोरबा से बिलासपुर- रायपुर की ओर जाने वाली तीन ट्रेनो का परिचालन 45 दिनो के लिए स्थगित करने के बाद विपक्षी भी गुरूवार को एक मंच पर आए और एआरएम कार्यालय का घेराव करते हुए ज्ञापना सौंपा। लोगों ने कहा कि यदि एक-दो दिनों के भीतर बंद की गई ट्रेनों का परिचालन फिर से शुरू नहीं किया गया तो कोयला लेकर जाने वाली मालगाडिय़ों का परिचालन भी नहीं होने देंगे।
बुधवार की शाम विभिन्न समुदाय विभिन्न पार्टियों व सामाजिक संगठनों के द्वारा एक बैठक आयोजित की गई थी। जिसमें कोरबा विकास समिति के तत्वधान में रेलवे एक्शन कमेटी का गठन हुआ जिसके संयोजक मुरलीधर मखीजा को सर्वसम्मति से बनाया गया है। रेलवे प्रशासन लगातार कोरबा को दरकिनार करते हुए कोरबा वासियों से उनकी रेल यात्रा की सुविधा में कटौती करते जा रहा है लगातार यात्री ट्रेनें बंद की जा रही हैं।
लेकिन माल गाडिय़ों में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है अभी हाल ही में मेंटेनेंस का हवाला देते हुए 45 दिन के लिए 3 यात्री ट्रेनें बंद कर दी गई हैं व इसके पूर्व भी इंटरसिटी एक्सप्रेस बंद कर दी गई थी जिसको लेकर विभिन्न राजनीतिक पार्टियों द्वारा अनेक आंदोलन किए गए थे लेकिन इंटरसिटी आज तक चलू नहीं हो सकी है जिससे कोरबा रेल यात्रियों में रेल यात्रा में असुविधा एवं कटौती होने के कारण रोष बढ़ता जा रहा है।
एआरएम बोले कुछ नई ट्रेनों का परिचालन समय बदलकर किया जा सकता है
गुरूवार की दोपहर कोरबावासी गीतांजलि भवन के समीप भारी मात्रा में इक_ा होकर रेलवे स्टेशन पहुंचे। जोरदार नारेबाजी करते हुए सभी ने बंद की गई 3 ट्रेनों व इंटरसिटी एक्सप्रेस को पुन: जल्द चालू कराने के लिए एआरएम आदित्य गुप्ता को डीआरएम के नाम का ज्ञापन सौंपा। आक्रोशित लोगों को समझाते हुए गुप्ता ने कहा कि वर्तमान में चांपा से नैला के बीच हसदेव नदी पर बने पुल की नींव बेहद जर्जर अवस्था में है।
जहां से किसी भी प्रकार की ट्रेनों का परिचालन बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। इस वजह से यहां की तीन में एक लाईन को पूरी तरह से सस्पेंड कर दिया गया है। शेष दो लाईन से ट्रेनो का परिचालन किया जा रहा है। उम्मीद है कि सस्पेंड लाईन को 10 से 15 दिनो में पुन: शुरू किया जाएगा। जहां से एक-एक कर सभी बंद ट्रेनों को फिर से शुरू किया जाएगा। मेरे द्वारा रेल प्रशासन का एक पत्र भी भेजा गया कि जिसपर जीएम कार्यायल में चर्चा चल रही है।
ऐसी संभावना है कि दोपहर व शाम वाली जो ट्रेनें फिलहाल बंद हुई है। उनके स्थान पर कोई और ट्रेन समय बदलकर शुरू की जाए। ताकि लोगों को परेशानी से निजात मिल सके। इन बातों को सुन रहे लोगों ने दो टूक शब्दों में एआरएम से कहा कि केवल यात्रि ट्रेने ही बंद हैं। जबकि मालगाड़ी से कोयला लदान जारी है।
रायगढ़ की तरफ से आने वाली ट्रेनें भी प्रभावित नहीं हुई है। केवल कोरबा की जनता से सौतेला व्यवहान किया जा रहा है। यात्रि ट्रेन शुरू नहीं हुई तो कोयला ढुलाई को भी पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। इस दौरान जनता कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शिव अग्रवाल, रामसिंह अग्रवाल, अर्चना उपाध्याय सहित कांग्रस से राजकिशोर प्रसाद, श्याम सुंदर सोनी, संयोजक मुरलीधर मखीजा के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों व सामाजिक संगठनों के लोग मौजूद रहे।