
Chhattisgarh Accident: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बालको नगर थाना क्षेत्र में दुखद हादसा हुआ है। तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में ट्रेलर के नीचे आने से दोनों लड़कियों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि ट्रेलर कोयला से भरा हुआ था, वहीं भारी भरकम ट्रेलर के पहिए के नीचे आने से शव बुरी तरह से कुचला गया। हादसे के बाद सड़क पर खून और शव देख लोगों का दिल सहम उठा। लोगों की सूचना के बाद पहुंची बालको नगर पुलिस ने शव को बरामद किया। जानकारी के अनुसार स्कूटी क्रमांक सीजी 10 CB 2635 पर तीन लोग सवार होकर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान डेंगूनाला पुल के पास सामने से आ रहे कोयला लदे ट्रेलर क्रमांक सीजी 12 बीजी 2932 ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं गंभीर चोट लगने से दोनों लड़कियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया गया कि राहगीरों ने तुरंत डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल युवक को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते यह दुर्घटना हुई।
बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक युवतियों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों और बाइक के दस्तावेजों के आधार पर परिजनों का पता लगाने में जुटी है।