5 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रसोई में गैस सिलेंडर Blast! कोरबा में जोरदार धमाके से उड़ी छत, बाल-बाल बचा परिवार

LPG Cylinder Blast: कोरबा के रामनगर बस्ती में गैस पाइप से रिसाव के कारण रसोई में भीषण आग लग गई, जिसके बाद सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में रसोई पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि महिला और उसके दो बच्चों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
2 min read
Google source verification
Cylinder Blast

Cylinder Blast: गैस सिलेंडर ब्लास्ट(photo-patrika)

Korba Gas Cylinder Blast: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत रामनगर बस्ती में शनिवार देर रात गैस सिलेंडर ब्लास्ट से बड़ा हादसा हो गया। रसोई में खाना बनाते समय गैस पाइप से रिसाव होने के कारण आग लग गई, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। आग सिलेंडर तक पहुंचते ही जोरदार धमाका हुआ, जिससे रसोई घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि घर में मौजूद महिला और उसके दो बच्चों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

Korba Fire News: गैस रिसाव से लगी आग, फिर हुआ धमाका

जानकारी के अनुसार, रामनगर बस्ती निवासी गजानंद साहू के घर में रात के समय खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान गैस सिलेंडर के पाइप से गैस का रिसाव हो रहा था, लेकिन इसकी भनक किसी को नहीं लगी। खाना बनाते समय अचानक आग भड़क उठी और तेजी से फैलते हुए सिलेंडर तक पहुंच गई। देखते ही देखते सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे पूरे इलाके में धमाके की आवाज गूंज उठी।

रसोई की छत उड़ी, घर का सामान जलकर राख

विस्फोट इतना तेज था कि रसोई की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं और छत का बड़ा हिस्सा उड़ गया। आग ने कुछ ही देर में पूरे रसोई क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। घर में रखा घरेलू सामान, फर्नीचर और अन्य सामग्री भी आग में जलकर नष्ट हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाके के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

मां और दो बच्चों की बची जान

घटना के समय घर में एक महिला और उसके दो बच्चे मौजूद थे। जैसे ही आग और धुआं फैलने लगा, आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान रसोई में रखा दूसरा गैस सिलेंडर और फ्रिज भी आग की चपेट में आ गया। कुछ देर बाद फ्रिज में भी विस्फोट होने की सूचना मिली, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।

स्थानीय लोगों ने पाया आग पर काबू

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बिना देर किए बाल्टी, पाइप और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक मकान के रसोई हिस्से समेत अधिकांश घरेलू सामान जलकर खाक हो चुका था।

पुलिस ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील

सूचना मिलते ही डायल-112 और मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में गैस पाइप से रिसाव को हादसे की वजह माना गया है। चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन मकान को भारी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने लोगों से गैस सिलेंडर और पाइप की समय-समय पर जांच कराने तथा रिसाव की आशंका होने पर तुरंत संबंधित एजेंसी या फायर ब्रिगेड को सूचना देने की अपील की है।