रासमति की घटना स्थल पर मौत हो गई, झुलसी चार महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।
कोरबा . माइक्रो फाइनेंस कंपनी के दफ्तर से घर लौट रही पांच महिलाएं आकाशीय बिजली की चपेट में आकर झुलस गई। एक महिला की मौके पर मौत हो गई जबकि चार महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। उनकी हालत खतरे बाहर बताई जा रही है।
घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की शाम पांच महिला मड़वा रानी बस स्टैंड से पैदल गांव जामपानी जा रही थी। ग्राम दमखाचा के पास पहुंची थी कि शाम लगभग साढ़े चार से पांच बजे के बीच मौसम खराब हो गया। गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरी। इसकी चपेट में आकर पांच महिलाएं झुलस गई। इसमें रथ बाई (४२) फुलमत (४३) कौशिल्या (३५) लक्ष्मीन (४०) और रासमति (४५) शामिल हैं। रासमति की घटना स्थल पर मौत हो गई। झुलसी चार महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
Read More : Video Gallery : कर्मचारी एम्बुलेंस छोड़कर चले गए रायपुर , इधर अप्रशिक्षित ड्राइवरों को थमा दी स्टीयरिंग
घायल महिला रथबाई ने बताया कि ग्राम जामपानी की पांच महिलाएं कोरबा सीतामणी स्थित एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी की दफ्तर गई थी। लोन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद घर लौट रही थी। मड़वारानी बस स्टैंड में उतरने के बाद सभी महिलाएं घर जा रही थी। इस बीच आकाशीय बिजली गिरी। इसकी चपेट में आकर सभी महिलाएं बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। इस बीच रथ बाई और फुलमत बाई को होश आया। दोनों ने तीन अन्य महिलाओं को उठाने की कोशिश की। लेकिन सफल नहीं हुईं। दोनों महिलाएं दौड़ते हुए गांव पहुंची।
घटना की सूचना गांव के लोगों को दी। ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे। घायल महिलाओं को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। रासमति की मौत की सूचना उरगा थाने को दी गई। पुलिस ने मर्ग कायम किया है। गर्मी में गाज गिरने से मौत की इस साल की यह पहली घटना है। जिले में गाज गिरने से सबसे अधिक मौतें बरसात के दिनों में होती है।