कोरबा

Korba Snake Bite: डॉक्टरों ने कहा “पहले सांप लेकर आओ, फिर होगा इलाज” कोरबा में हैरान करने वाला मामला आया

Cobra Snake Bite: घर की सफाई के दौरान एक युवक को कोबरा ने डस लिया। इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने पहले सांप की पहचान करने को कहा।
2 min read
Aug 24, 2026
Chhattisgarh News
युवक को कोबरा ने डसा (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Snake Bite Case: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सांप के डसने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दादर क्षेत्र में घर की सफाई कर रहे रामदयाल को जमीन में बने बिल से निकले कोबरा ने डस लिया। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने सांप की पहचान के बाद उपचार शुरू करने की बात कही।

इसके बाद परिजनों ने स्नेक कैचर टीम की मदद ली। टीम ने घर में बने बिल को खोदकर काफी मशक्कत के बाद कोबरा को बाहर निकाला। सांप को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने के बाद पहचान के लिए अस्पताल लाया गया। कोबरा की पहचान होने के बाद रामदयाल का इलाज शुरू किया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घर की सफाई के दौरान निकला कोबरा

जानकारी के अनुसार, दादर क्षेत्र निवासी रामदयाल घर में साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान वह जमीन में बने एक बिल के पास पहुंचे। अचानक बिल से कोबरा बाहर निकला और उसने रामदयाल को डस लिया। घटना के तुरंत बाद कोबरा वापस उसी बिल में जाकर छिप गया।

सांप के डसने के बाद रामदयाल को बिना देर किए परिजन मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने सांप की पहचान के बारे में जानकारी मांगी, ताकि उसी के अनुसार उपचार किया जा सके।

बिल खोदकर कोबरा को किया गया रेस्क्यू

सांप के बिल में छिपे होने की जानकारी मिलने के बाद स्नेक कैचर टीम को सूचना दी गई। टीम मौके पर पहुंची और कोबरा को बाहर निकालने का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी सावधानी के साथ बिल की तलाश की गई। करीब आधे से एक घंटे की मशक्कत के बाद बिल को खोदकर कोबरा को बाहर निकाला गया। स्नेक कैचर टीम ने उसे सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया और पहचान के लिए अस्पताल लेकर पहुंची।

कोबरा की पहचान के बाद शुरू हुआ इलाज

अस्पताल में सांप की पहचान कोबरा के रूप में होने के बाद चिकित्सकों ने रामदयाल का उपचार शुरू किया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और उन्हें खतरे से बाहर बताया गया है। रेस्क्यू किए गए कोबरा को बाद में स्नेक कैचर टीम ने सुरक्षित स्थान पर ले जाकर जंगल में छोड़ दिया।

Snake Bite Case: बरसात में बढ़ जाता है सांपों के निकलने का खतरा

बरसात के मौसम में पानी भरने और बिलों में पानी पहुंचने के कारण सांप अक्सर सुरक्षित जगह की तलाश में बाहर निकलते हैं। ऐसे में घर के आसपास झाड़ियों, कचरे और अनावश्यक सामान को जमा नहीं होने देना चाहिए। घर में सांप दिखाई देने पर उसे खुद पकड़ने या मारने की कोशिश करने के बजाय प्रशिक्षित स्नेक कैचर या संबंधित टीम की मदद लेना ज्यादा सुरक्षित है।

Updated on:
24 Aug 2026 05:57 pm
Published on:
24 Aug 2026 04:39 pm