युवक ने युवती को रास्ते में रोक कर दिया वारदात को अंजाम, गंभीर स्थिति में चल रहा इलाज, पुलिस ने दर्ज किया युवती का बयान
मनेंद्रगढ़. 20 वर्षीय एक युवती किसी काम से शहर की ओर आ रही थी। इसी बीच उसे एक युवक ने रास्ते में रोक लिया। उसने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा तो उसने इनकार कर दिया। युवती बोली कि वह माता-पिता की मर्जी से शादी करेगी। इतना सुनते ही युवक ने अपने पास रखे चाकू से उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।
चाकू के गंभीर वार से युवती वहीं बेहोश हो गई, इसके बाद युवक फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे युवती के पिता ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने युवक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि युवक युवती से एकतरफा प्यार करता था।
कोरिया जिले के झगराखांड थानांतर्गत ग्राम बंजी निवासी 25 वर्षीय राजभान ग्राम पंचायत नारायणपुर की 20 वर्षीय युवती से एकतरफा प्यार करता था। रविवार की सुबह करीब 9.30 बजे युवती किसी काम से झगराखांड आ रही थी। इसी दौरान युवक ने उसे रास्ते में रोक लिया। युवक ने युवती से कहा कि वह उससे शादी करना चाहता है।
इस पर युवती ने इनकार करते हुए कहा कि उसके माता-पिता जहां उसकी शादी कराना चाहेंगे, वह वहीं करेगी। इतना सुनते ही युवक का गुस्सा सांतवें आसमान पर चढ़ गया और उसने अपने पास रखा चाकू निकाल लिया।
इसके बाद उसने युवती पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिया। चाकू के वार से युवती के सिर में गंभीर चोटें आईं हैं, जबकि उसकी एक अंगुली कटकर अलग हो गई। इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्से में जख्मी हो गए।
गिर गई बेहोश होकर
चाकू के वार से युवती वहीं बेहोश होकर गिर गई। यह देख युवक वहां से फरार हो गया। इधर आस-पास के लोगों ने युवती को देख उसके पिता को सूचना दी। सूचना मिलते ही पिता मौके पर पहुंचा और संजीवनी 108 की मदद से घायल बेटी को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनेंद्रगढ़ में भर्ती कराया। यहां उसका इलाज जारी है।
तहसीलदार ने दर्ज किया बयान
पिता की रिपोर्ट पर झगराखांड पुलिस ने तहसीलदार भरत कौशिक के साथ घायल युवती का अस्पताल में बयान दर्ज किया। बताया जा रहा है कि युवक ने एकतरफा प्यार में वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने धारा 307 के तहत जुर्म दर्ज कर उसकी खोजबीन शुरु कर दी है।