कोरीया

Koria Bee Attack: स्वामी आत्मानंद स्कूल में मधुमक्खियों का हमला, 50 से ज्यादा छात्र-छात्राएं घायल, अस्पताल में कराया गया भर्ती

Bee attack in Koria school: कोरिया जिले के आत्मानंद स्कूल चरचा का मामला, अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के लगाए आरोप, स्कूल के गेट पर स्थित पेड़ पर मधुमक्खियों ने लगा रखा है छत्ता
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 5:10 PM IST
Bee attack in Swami Atmanand School Koria
Koria Bee attack, अस्पताल में घायल बच्चों का चल रहा इलाज (Photo- Patrika)

बैकुंठपुर। कोरिया जिले के चरचा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में बुधवार की दोपहर छात्र-छात्राओं पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला (Bee attack) कर दिया। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। मधुमक्खियों के हमले से बच्चे इधर-उधर भागने लगे, लेकिन 50 अधिक बच्चों को मधुमक्खियों ने डंक मारकर घायल कर दिया। इनमें से डेढ़ दर्जन से अधिक बच्चों को जिला अस्पताल बैकुंठपुर में भर्ती कराया गया। यहां उनका इलाज जारी है। हमले में किसी के गंभीर होने की सूचना नहीं है। बताया जा रहा है कि स्कूल के मुख्य गेट के सामने स्थित पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता है। इसे लेकर स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं।

कोरिया जिले के चरचा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में 300 से अधिक बच्चे अध्ययनरत हैं। बुधवार की सुबह इंग्लिश मीडियम के बच्चे स्कूल गए थे। उनकी 12 बजे छुट्टी हुई थी। वहीं हिंदी मीडियम के बच्चे स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान अचानक बच्चों पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला (Bee attack on school students) कर दिया। इस दौरान बच्चे स्कूल परिसर में मौजूद थे। अचानक हुए हमले के बाद वे भागने लगे, लेकिन मधुमक्खियों के डंक से 50 से अधिक बच्चे घायल हो गए।

Koria Bee attack, हाथ से डंक निकालते स्वास्थ्य कर्मी (Photo- Patrika)

मधुमक्खियों ने किसी के सिर व चेहरे में तो किसी के हाथ-पैरों में डंक मारे। बताया जा रहा है कि स्कूल के गेट के पास एक पेड़ पर मधुमक्खियों ने छत्ता लगा रखा है। मधुमक्खियों के हमले में घायल करीब बच्चों को तत्काल जिला अस्पताल के अलावा अन्य अस्पतालों में ले जाया गया।

यहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरु किया। जिला अस्पताल (Koria District Hospital) के सिविल सर्जन डॉ. आयुष जायसवाल ने बताया कि यहां करीब डेढ़ दर्जन बच्चों को लाया गया है। उनका इलाज किया जा रहा है।

Bee attack in school: स्कूल प्रबंधन पर लगे लापरवाही के आरोप

मधुमक्खियों के हमले में छात्र-छात्राओं के घायल (Students injured in bee attack) होने की खबर मिलते ही उनके अभिभावक भी अस्पताल व स्कूल पहुंच गए। उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पूर्व में भी बच्चों पर मधुमक्खियों ने हमला किया है। स्कूल के मेन गेट के पास मधुमक्खियों ने छत्ता लगा रखा है, इसे अब तक हटवा लेना चाहिए था। वहीं अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल स्टाफ द्वारा बच्चों को अस्पताल नहीं ले जाया गया, बल्कि वे स्कूल पहुंचे और फिर बच्चों को अस्पताल ले गए।

Updated on:
18 Nov 2026, 5:10 PM IST
Published on: