CG Agriculture : खरीफ सीजन-2023 में धान उपार्जन करने वाले किसानों का नवीन पंजीयन व कैरी फॉरवर्ड कराने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित है।
बैकुंठपुर। CG Agriculture : खरीफ सीजन-2023 में धान उपार्जन करने वाले किसानों का नवीन पंजीयन व कैरी फॉरवर्ड कराने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित है। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत पंजीयन के लिए सिर्फ एक दिन का समय बचा है। कोरिया में पुराने किसानों के पंजीयन को कैरी फॉरवर्ड कराने की प्रक्रिया भी जारी है। वहीं नए किसानों का पंजीयन हुआ है, उनका वेरिफिकेशन करने में जुटे हैं। वर्ष 2023 में धान एवं अन्य फसलों के लिए आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों का पंजीयन किया जा रहा है।
कृषि विभाग का कहना है कि सहकारी समितियों द्वारा पंजीकृत किसानों के डाटा को राजीव गांधी किसान न्याय योजना के लिए मान्य किया जाएगा। उपार्जित मात्रा के आधार पर अनुपातिक रकबा ज्ञात कर सहायता राशि की गणना की जाएगी। शासन से कृषि सहायता राशि पाने के लिए राजीव गांधी किसान न्याय योजना के एकीकृत किसान पोर्टल में प्राथमिक सहकारी समिति के माध्यम से पंजीयन कराया जाना है।
वहीं पहले से पंजीकृत किसानों को धान उपार्जन वर्ष 2023-24 के लिए नॉमिनी नामांकन फॉर्म जमा करा कैरी फॉरवर्ड करवाना अनिवार्य है। क्योंकि इस साल से धान उपार्जन के लिए बॉयोमेट्रिक प्रमाणीकरण अपनाया जाएगा। इसलिए पंजीयन में नॉमिनी रखना अनिवार्य है। धान खरीदी केंद्र में सिर्फ किसान और नॉमिनी ही बेच पाएंगे। परिवार के अन्य सदस्य धान नहीं बेच पाएंगे। क्योंकि बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण लागू किया जाएगा। कोरिया में कुल 22923 किसान समर्थन मूल्य पर धान बिक्री करेंगे। इसमें 20722 पुराने और 2201 नए पंजीकृत किसान शामिल हैं।
एमपी सीमा पर अवैध धान पकडऩे प्रशासन अलर्ट
कोरिया जिले की सीमा मध्यप्रदेश राज्य से लगती है। सीमा पार से धान आने की संभावना को देख इन क्षेत्रों की विशेष निगरानी करने का निर्णय लिया गया है, जिससे धान के अवैध परिवहन को रोका जाएगा और कोचिए- बिचौलियों की धर-पकड़ की जाएगी। जिले में 16 धान खरीदी केन्द्र जामपारा, धौराटिकरा, सरभोका, पटना, गिरजापुर, तरगवां, झरनापारा, छिन्दडांड़, सलबा, सोनहत, रजौली, रामगढ़, पोड़ी, जिल्दा, बैमा एवं चिरमी के माध्यम से धान खरीदी होगी। हालांकि इस साल दो नए केंद्र छिंदिया और अकलासराई खोलने को मंजूरी मिली है। खरीफ सीजन 2023-24 के लिए समर्थन मूल्य पर 131149.80 मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य है। वहीं खरीफ वर्ष 2023-24 में जिले में 22 हजार 329 किसानों को अब-तक 50 करोड़ से अधिक कृषि ऋण का वितरण किया जा चुका है। यह आंकड़ा सिर्फ खरीफ सीजन का है। पंजीकृत किसान रबी सीजन में खाद-बीज सहित नकद दोबारा ऋण लेंगे।
जीरो शॉर्टेज का लक्ष्य बनाकर खरीदी करने के निर्देश
समितियों में किसान पंजीयन, नाम और उनके रकबे की जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। उपार्जन केद्रों में शार्टेज की स्थिति की समीक्षा भी की जा चुकी है। जीरो शार्टेज का लक्ष्य बनाकर धान खरीदी करने सख्त निर्देश दिए गए हैं। खरीदी केद्रों में बारिश से बचाव की तैयारी करने, पानी भरने की समस्या हो तो जल निकासी की व्यवस्था, पेयजल, गेट, अग्निशमन, प्राथमिक उपचार आदि सभी तैयारी करने समय से पहले करने कहा गया है। कम्प्यूटर ऑपरेटरों का बारीकी से प्रशिक्षण, समय-सीमा में पूर्ण करने कर तैयार रहने निर्देश दिए गए हैं।
& धान उपार्जन के लिए पंजीकृत पुराने किसानों का कैरी फॉरवर्ड और नए किसानों का पंजीयन कार्य चल रहा है। अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित है।
- के यादव, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, बैकुंठपुर