कोरीया

Ration Rules Change: राशन वितरण का बदल गया नियम, ओटीपी सुविधा बंद, अब बायोमेट्रिक सत्यापन से ही मिलेगा खाद्यान्न

Ration Rules Change in Chhattisgarh: राशन वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और त्रुटिरहित बनाना है शासन के इस निर्णय का उद्देश्य, फर्जी लाभार्थियों पर लगेगी लगाम
2 min read
Ration rules change
Ration distribution rules, (Photo Source- ANI)

मनेंद्रगढ़। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन वितरण व्यवस्था (Ration rules) में इस माह से बड़ा बदलाव लागू कर दिया गया है। अब जिले की सभी उचित मूल्य दुकानों में हितग्राहियों को केवल ई-पॉस मशीन पर बायोमेट्रिक सत्यापन (फिंगरप्रिंट) के बाद ही राशन मिलेगा। मोबाइल ओटीपी के माध्यम से राशन प्राप्त करने की सुविधा को सामान्य रूप से बंद कर दिया गया है। शासन के इस निर्णय का उद्देश्य राशन वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और त्रुटिरहित बनाना बताया जा रहा है, ताकि फर्जी लाभार्थियों पर रोक लग सके तथा वास्तविक हितग्राहियों तक ही खाद्यान्न पहुंचे।

बता दें कि अब तक जिन हितग्राहियों के फिंगरप्रिंट ई-पॉस मशीन में सत्यापित नहीं हो पाते थे, उन्हें मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से राशन (Ration distribution) उपलब्ध कराया जाता था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद ऐसे हितग्राहियों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि अब ओटीपी आधारित वितरण की सुविधा समाप्त कर दी गई है।

विशेष रूप से बुजुर्गों, दिव्यांगजनों तथा ऐसे लोगों के सामने परेशानी खड़ी हो सकती है जिनके फिंगरप्रिंट मशीन में बार-बार मैच नहीं होते। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में शासन से आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए जा रहे हैं। 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग, 10 वर्ष से कम आयु के बच्चों तथा बायोमेट्रिक सत्यापन (Bio metric verification) में तकनीकी समस्या वाले हितग्राहियों के लिए अलग व्यवस्था बनाए जाने की संभावना पर विचार किया जा रहा है।

जून माह तक हितग्राहियों को कई स्थानों पर एकमुश्त तीन माह का चावल वितरित कर दिया गया था। अधिकांश हितग्राही पहले ही अपना खाद्यान्न प्राप्त कर चुके हैं, जिसके कारण वर्तमान में राशन दुकानों में अधिक भीड़ नहीं है।

सभी दुकानों को जारी किए गए निर्देश

जुलाई माह के नियमित वितरण (Ration distribution case) के दौरान नई व्यवस्था पूरी तरह लागू होने से बायोमेट्रिक सत्यापन में दिक्कत वाले हितग्राहियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। खाद्य विभाग का कहना है कि नई व्यवस्था के सफल संचालन के लिए सभी उचित मूल्य दुकानों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं तथा किसी भी पात्र हितग्राही को राशन से वंचित न रहने देने के लिए शासन स्तर से प्राप्त होने वाले निर्देशों का पालन किया जाएगा।

Ration distribution rules: अंगुलियां खराब, होगी दिक्कत

राशन वितरण की नई व्यवस्था लागू होने को लेकर वार्ड क्रमांक 8 के हितग्राही रवि कुमार का कहना है कि मेरे दोनों हाथ की अंगुलियां में दिक्कत होने की वजह से थंब नहीं लगता। ऐसे में यदि इस माह से मुझे राशन नहीं मिलेगा तो काफी परेशानी होगी। वहीं वार्ड क्रमांक 10 के शिवजी ने बताया कि काफी वर्षों से मेरे दोनों हाथ की अंगुलियां काम नहीं कर रही हैं, जिसकी वजह से थंब नहीं लगता। पहले ओटीपी से राशन मिल जाता था, अब कैसे राशन मिलेगा से लेकर काफी चिंतित हूं।

शासन से लेंगे मार्गदर्शन

जिला खाद्य अधिकारी जितेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि ओटीपी के माध्यम से राशन वितरण की सुविधा शासन द्वारा बंद कर दी गई है। ऐसे हितग्राही जो दिव्यांग हैं या जिनका फिंगरप्रिंट मशीन में सत्यापित नहीं हो पाता, उनके संबंध में शासन से मार्गदर्शन प्राप्त किया जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार आगे की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

Updated on:
03 Jul 2026 07:12 pm
Published on:
03 Jul 2026 07:09 pm