
बैकुंठपुर। अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर गए पटवारियों (Patwari strike) के खिलाफ एमसीबी कलेक्टर ने सख्त आदेश जारी किया है। हड़ताल में शामिल पटवारियों पर काम नहीं तो वेतन नहीं का नियम लागू होगा। वहीं कलेक्टर ने कारण बताओ नोटिस का जवाब प्रस्तुत नहीं करने वाले 2 पटवारियों को निलंबित कर दिया है। बता दें कि हड़ताली पटवारियों को शासन-प्रशासन की ओर से जल्द काम पर लौटने का अल्टीमेटम दिया गया था, जिसे उन्होंने दरकिनार कर दिया है। वे अब भी हड़ताल पर बैठे हुए हैं। इससे पटवारी हल्कों से लेकर राजस्व कार्यालयों में पहुंचने वाले हितग्राही परेशान हो रहे हैं।
एमसीबी कलेक्टर कार्यालय भू-अभिलेख शाखा से जारी आदेश के अनुसार हड़ताल में शामिल पटवारियों पर काम नहीं तो वेतन नहीं का सिद्धांत लागू होगा। आदेश में कहा गया है कि जिले में पदस्थ पटवारी 13 अक्टूबर से हड़ताल में शामिल होकर शासकीय कार्य नहीं कर रहे हैं। शासन से दिए गए निर्देशों का भी पालन नहीं हो रहा है। इससे आम नागरिकों से संबंधित राजस्व कार्य (Revenue works) प्रभावित हो रहे हैं।
हड़ताल के कारण नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा और व्यपवर्तन जैसे काम अटक गए हैं। साथ ही ई-गिरदावरी योजना के तहत किसान पंजीयन, डीसीएस, पॉलीगन, अक्षांश और देशांतर की प्रविष्टि जैसे किसानमूलक कार्य भी प्रभावित हैं। शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी असर पड़ रहा है। मामले में हड़ताल में शामिल होकर शासकीय कर्तव्यों का निर्वहन नहीं करने वाले सभी पटवारियों, जिनकी अनुपस्थिति स्वीकृत अवकाश अथवा अन्य किसी वैध आधार नहीं है, उन्हें अनुपस्थित अवधि का वेतन नहीं दिया जाएगा।
वेतन संबंधी कार्रवाई सेवा नियमों और शासन के निर्देशों (Government order) के अनुरूप की जाएगी। कलेक्टर ने एसडीएम और तहसीलदारों को निर्देश दिए हैं कि अपने अधीनस्थ पटवारियों की अनुपस्थिति का सत्यापन कर प्रमाणित प्रतिवेदन आहरण एवं संवितरण अधिकारी को प्रस्तुत करें। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू है।
तहसील चिरमिरी में पदस्थ पटवारी प्रभाकर कुमार को निलंबित कर दिया गया है। एसडीएम कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार प्रभाकर पटवारी हल्का नंबर-2 तहसील चिरमिरी के विरुद्ध उनके पदस्थापना अवधि के दौरान विभिन्न प्रशासनिक, विभागीय तथा राजस्व संबंधी कार्यों में की गई लापरवाही और अनियमितताओं के कारण कार्रवाई की गई है। प्रभाकर ने कारण बताओ नोटिस का जवाब प्रस्तुत नहीं किया। निलंबन अवधि में प्रभाकर को मुख्यालय तहसील चिरमिरी नाजिर शाखा में अटैच किया गया है।
वहीं तहसील खडग़वां में पदस्थ पटवारी चन्द्र विजय साहू को निलंबित किया गया है, जो पटवारी हल्का नंबर 11 और 7 तहसील खडग़वां में पदस्थ थे। एसडीएम कार्यालय (MCB SDM office) से जारी आदेश के अनुसार पटवारी को नोटिस का जवाब प्रस्तुत करने के लिए ३ दिन का समय दिया गया था। लेकिन आज तक कोई समाधानकारक जवाब प्रस्तुत नहीं किया। निलंबन अवधि में मुख्यालय तहसील खडग़वां कानूनगो शाखा में अटैच किया गया है।